राजगढ़। 
मध्यप्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने राजगढ़ में करप्शन को लेकर कहा कि थोड़ा बहुत तो हर जगह चलता है, लेकिन जो रिश्वत लेता है, वह राष्ट्रद्रोही है। चाहे मैं हूं या कोई भी हो। मैं 8 चुनाव जीता हूं। जनता ने विश्वास किया। गांव का किसान हूं, लेकिन रिश्वत लेने का मन नहीं करता है। इसके पहले 5 फरवरी को मंत्री करण सिंह ने लाड़ली-बहना योजना की लाभार्थियों को धमकाया था। उन्होंने कहा था कि एक दिन सभी लाड़ली बहनों को बुलाएंगे। अगर वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं, तो योजना से नाम काट दिए जाएंगे। हालांकि बाद में अपने बयान से पलट गए थे।
बेईमान आदमी चाहे मंत्री हो या तहसीलदार, अपनी आदत नहीं छोड़ता
मंत्री वर्मा ने कहा कि बेईमान व्यक्ति किसी भी पद पर हो, उसकी प्रवृत्ति नहीं बदलती। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बेईमान आदमी को चाहे मंत्री, तहसीलदार, इंजीनियर बना दो या मजदूरी करने को कह दो, वह अपनी आदत नहीं छोड़ता। मजदूर जब जर्दा खाता है तो 5 बार थूकता है। मंत्री वर्मा यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि बेईमान आदमी कहीं भी छोटे मोटे तो…..ऐसा नहीं है कि मैं दावा कर रहा हूं। कई तहसीलदार हैं, जिन्हें मैंने सस्पेंड किया है। आपके यहां (राजगढ़) आया तो सस्पेंड किया। आष्टा में गया और सीमांकन पर सस्पेंड किया है। सिवनी गया, वहां भी सस्पेंड किया है।
कलेक्टर पहले बोले देते हैं … ठीक कर देंगे
कलेक्टर पहले बोल देते हैं कि साब, थोड़ा बहुत गलती सलती हो तो ठीक कर देंगे। मैं कहता हूं कि मुझे देखो, मैं भी काम कर रहा हूं। आप भी काम कर रहे हैं। ईमानदारी से राष्ट्रभक्ति से काम करें। मैं आपकी कृपा से आठ चुनाव जीता हूं। जनता ने विश्वास किया। शर्मा जी जानते हैं, इसी गांव का किसान हूं। मन नहीं करता है।
रोटी बांधकर लाया हूं
हम इंदौर जाते हैं, सर्किट हाउस में चाय आती है, नाश्ता आता है, लेकिन मेरे यहां सब बंद है। अपने खाने के लिए सब बांध के लाया हूं। टिफिन में रोटी बांधकर लाया हूं। जरूरत होगी तो मांग लूंगा। सरपंच के यहां मांग लूंगा।