भोपाल/राजगढ़। 
राजनीति में नेताओं द्वारा अपने मुख्यमंत्री की तारीफ करना कोई नई बात नहीं है, लेकिन मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक मंत्री जी ने तारीफों के ऐसे पुल बांधे कि खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मंच पर लजा गए। हालात यहाँ तक पहुँच गए कि जब मंत्री जी की उपमाओं और विशेषणों की झड़ी रुकने का नाम नहीं ले रही थी, तो खुद मुख्यमंत्री को उन्हें बीच में ही टोकना और रोकना पड़ा। यह पूरा दिलचस्प नजारा देखने को मिला राजगढ़ जिले के सारंगपुर (भैंसवामाता) में, जहाँ 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के समापन कार्यक्रम में सूबे के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने पहुंचे थे।
मंच से मंत्री जी ने क्या-क्या कह डाला?
जैसे ही प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल मंच पर भाषण देने आए, उन्होंने मुख्यमंत्री की तारीफ में विशेषणों की ऐसी 'मशीन गन' चलाई कि सब हक्के-बक्के रह गए। मंत्री टेटवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लिए एक सांस में कहा: "जनप्रिय, लोकप्रिय, बहुमुखी प्रतिभा के धनी, हर गुण में गुणवान, एक अच्छे इतिहासकार, ज्योतिषाचार्य, लेखक, साहित्यकार, खगोल और भूगोल के शास्त्री, विभिन्न प्रतिभाओं के धनी, पहलवानों के पहलवान, हम सबके लाड़ले, हम सबके हृदय में राज करने वाले, बाबा महाकाल के लाल, यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लिए जोरदार तालियां बजाइए..." इतना ही नहीं, मंत्री जी यहीं नहीं रुके! प्रदेश में जल संवर्धन और सिंचाई के कामों का जिक्र करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधा कलियुग का 'भागीरथ' तक घोषित कर दिया।
"सीएम ने मुझे मोक्ष दे दिया..."
तारीफों का सिलसिला तब पराकाष्ठा पर पहुँच गया जब गौतम टेटवाल ने उन्हें उज्जैन जिले का प्रभारी मंत्री बनाए जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरे मंच से कहा कि "मुझे मोक्ष देने का काम अगर किसी ने किया है, तो वो हमारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने किया है।"