राजस्थान में बारिश, पुणे में पानी में गाड़ियां बहीं

MP में दो दिन बाद मानसून की एंट्री
UP सहित 7 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
नई दिल्ली। मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। मध्य प्रदेश में 16 जून तक मानसून की एंट्री हो सकती है। वहीं राजस्थान के जैसलमेर में आज सुबह बारिश हुई। मौसम विभाग ने 23 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री पहुंच गया था। इससे पहले श्रीगंगानगर में 1 जून 2018 को 49.1 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था। श्रीगंगानगर में जून महीने का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 14 जून 1934 को 50 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने शनिवार को UP, पंजाब-हरियाणा समेत देश के 7 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। सिरसा में पारा 47.6°C रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 44.6°C रहा। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 44°C दर्ज किया गया। दिल्ली में आज आंधी चलने की संभावना जताई गई है उधर बीती रात पुणे में भारी बरसात हुई। पिंपरी चिंचवड़ शहर की सड़कों पर पानी भर गया। नाले में चार से पांच गाड़ियां बह गईं, गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।