• कहा- युवाओं के रोजगार पर सरकार का फोकस 

नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा के बजट सत्र का आज पहला दिन है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के जॉइंट सेशन को संबोधित कर रही हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने अभिभाषण की शुरुआत कुंभ हादसे में दुख व्यक्त करते हुए की। उन्होंने कहा- माननीय सदस्यों इस वक्त महाकुंभ भी चल रहा है। वहां हुए हादसे पर दुख प्रकट करती हूं। कुछ दिन पहले ही हमने पूर्व पीएम मनमोहनजी को खोया है। 10 साल तक वे पीएम रहे। उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। राष्ट्रपति ने आगे कहा- सरकार 3 गुना तेज गति से काम कर रही है। आज देश बड़े फैसलों और नीतियों को असाधारण गति से लागू होते देख रहा है। महिलाओं, किसानों और युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता मिल रही है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन के बाहर मीडिया को संबोधित किया था। पीएम ने कहा- इस सत्र में कई ऐतिहासिक बिल पेश किए जाएंगे। हर नारी को सम्मानपूर्ण जीवन मिले उस दिशा में इस सत्र में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म करेंगे। सेशन के दूसरे दिन यानी 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 18वीं लोकसभा और मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश करेंगी। बतौर वित्त मंत्री सीतारमण का यह लगातार आठवां बजट होगा।