वाराणसी। 
यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीएम मोदी और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। कहा- चुनाव आयोग की वेबसाइट बंद करके मोदी को जिताया गया। मैं 7 राउंड तक आगे चल रहा था। दोपहर 1 बजे तक वेबसाइट बंद की गई। शाम 5 बजे अचानक यह घोषित कर दिया गया कि मोदी जीत गए है। आप ही बताइए, 7 राउंड जीतने वाला उम्मीदवार कैसे हार सकता है? मैं खुद 5 बार विधायक रहा हूं, मैं जानता हूं कि चुनाव कैसे जीता और हारा जाता है। देश के पीएम वोट चोरी से सांसद बने और फिर प्रधानमंत्री बन गए। अजय राय ने ये बातें बलिया में सोमवार को कहीं। वो हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे।
बिहार में वोटों की हेराफेरी की जा रही
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- मैं सेनानियों को नमन करने बलिया आया हूं। बिहार चुनाव को लेकर हमारी गंभीर चिंताएं हैं। पूरे बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के माध्यम से वोटों में हेराफेरी की जा रही है। गरीब और आम लोगों को उनके वोट के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे
जब सबको एक वोट का अधिकार है। चाहे वो पीएम मोदी हों, चुनाव आयुक्त हों, या फिर गौतम अडाणी। इसी कारण हमारे नेता राहुल गांधी और पूरा इंडिया गठबंधन सड़कों पर उतरा है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बिहार में लोकतंत्र की यह चोरी न होने पाए। जनता को जागरूक किया जा रहा है और लोग सड़कों पर उतर आए हैं। पूरे देश की जनता को जागरूक करेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे।