• पुलिस बोली- 8 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ा

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर में एक बोलेरो पिकअप और कैंटर की टक्कर हो गई है। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई है। इनकी संख्या बढ़ने की संभावना है। जबकि, 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा शुक्रवार सुबह फिरोजपुर के गांव मोहन के उताड़ के पास हुआ है। घटना के वक्त पिकअप में करीब 15 से ज्यादा लोग सवार थे। वहीं, घटना में गंभीर रूप से जख्मी लोगों को राहगीरों और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह दुर्घटना फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर हुई। फिलहाल फिरोजपुर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
बेकाबू होकर पिकअप कैंटर से टकराई
क्राइम सीन पर जांच के लिए पहुंचे इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह बराड़ ने बताया है कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें पहुंच गई थीं। सभी घायलों अस्पताल पहुंचाया गया है। इसके बाद नेशनल हाईवे खाली करवाया गया, क्योंकि पीछे भारी जाम लग गया था। इंस्पेक्टर बराड़ ने बताया है कि बोलेरो पिकअप में मजदूर सवार थे। वे फिरोजपुर से देहात एरिया की ओर जा रहे थे। इस दौरान पिकअप बेकाबू हो गई, जिससे पीछे से आ रहे कैंटर के साथ हादसा हो गया। 8 से ज्यादा लोगों को अस्पताल ले जाते ही मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं, कुछ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ग्रामीण बोला- कैंटर वाले की गलती से हुआ हादसा
वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने बताया है कि बोलेरो पिकअप में सवार सभी लोग शादियों में वेटर का काम करने के लिए जाते थे। गांव सूफेवाला के करीब 10 युवक आज वेटर के काम के लिए उक्त पिकअप में सवार थे। इनमें से फिलहाल किसकी मौत हुई, किसकी जान बची। इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। ग्रामीण ने कहा कि गांव के एक युवक की मौत की सूचना हमें मिली है। सुबह यह हादसा करीब 8 बजे हुआ। कैंटर वाले की गलती के कारण यह हादसा हुआ है।
काम के दूसरे दिन गई जान
एक मृतक के रिश्तेदार ने कहा- मेरे भतीजे जसवंत सिंह सत्तू की इस हादसे में मौत हो गई है। उसका आज काम का दूसरी ही दिन था। उसने कल से ही काम करना शुरू किया था और आज ही उसकी मौत हो गई।