• मुख्यमंत्री 2 बजे अफसरों के साथ मीटिंग करेंगी
  • 24 फरवरी से विधानसभा का सत्र

नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के एक दिन बाद रेखा गुप्ता ने पूर्व सीएम आतिशी और उनके मंत्रियों के पर्सनल स्टाफ को हटा दिया है। इसके अलावा आतिशी सरकार ने जिन अधिकारियों-कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्त किया था उन्हें तुरंत अपने मूल विभागों में रिपोर्ट करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दोपहर 2 बजे मंत्रियों और अफसरों के साथ एक मीटिंग करेंगी। इसमें दिल्ली जल बोर्ड और पीडब्लुडी के अधिकारियों को खास तौर पर बुलाया गया है। पीडब्ल्युडी मंत्री प्रवेश वर्मा भी इस बैठक में शामिल होंगे। मीटिंग में खराब सड़कों और पानी के मुद्दे पर चर्चा होगी। इसके अलावा नई सरकार का विधानसभा सत्र 24 फरवरी से शुरू होगा। यह तीन दिन तक चलेगा और 27 फरवरी को खत्म होगा। सदन में नए विधायकों का शपथ ग्रहण होगा। तीसरे दिन सीएजी की 14 रिपोर्ट सदन में रखी जाएंगी।
सीएम रेखा बोलीं- विपक्ष आलोचना की बजाय अपनी पार्टी का ध्यान रखे
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कांग्रेस और आप पर नई सरकार की आलोचना करने पर जवाब दिया। रेखा ने कहा- शपथ लेने के तुरंत बाद पहले दिन हमारी कैबिनेट बैठक हुई और हमने आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी, जिसे आप ने रोक रखा था। अब हम दिल्ली की चिंता करेंगे और पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली को उसका हक मिलेगा। रेखा ने आगे कहा, उन्हें (विपक्ष) अपनी पार्टी संभालनी चाहिए, बहुत से लोग हैं जो जाना चाहते हैं। उन्हें चिंता है कि जब सीएजी की रिपोर्ट सदन में पेश होगी, तो बहुत से लोगों के रिकॉर्ड सामने आ जाएंगे।