मोतीनगर बस्ती में खुद ही दुकानें खाली कर रहे लोग
![](ws/sabkikhabarcom/news/202502/dukan.jpg)
बस्ती में 384 मकान-110 दुकानें
आज हटाने का अल्टीमेटम, कांग्रेस कर चुकी विरोध
भोपाल। भोपाल की मोतीनगर बस्ती में शुक्रवार को जेसीबी चलने से पहले ही दुकानदार अपनी दुकानें खाली करने लगे हैं। गुरुवार रात के बाद शुक्रवार को सुबह से ही लोगों ने दुकानें खाली करना शुरू कर दी। सुभाषनगर ब्रिज की थर्ड लेन के लिए यहां के कुल 384 मकान और 110 पक्की दुकानें हटाई जानी है। गुरुवार को पुलिस ने अनाउंसमेंट करके स्वेच्छा से सामान हटाने की समझाइश दी। इस मुद्दे पर कांग्रेस मैदान में है। रहवासियों के साथ कांग्रेस नेता भी बस्ती को हटाने का विरोध जता चुके हैं। डीसीपी जोन-1 प्रियंका शुक्ला ने पुलिस अफसरों के साथ गुरुवार को मुआयना भी किया। वहीं, एडीएम प्रकाश नायक और एमपी नगर एसडीएम एलके खरे ने निरीक्षण किया था। अफसरों की समझाइश के बाद कई दुकानदारों ने सामान हटाना भी शुरू कर दिया, लेकिन कई अभी भी अड़े हैं। ऐसे में शुक्रवार को प्रशासन इन्हें नगर निगम के अमले की मदद से हटाने की कार्रवाई करेगा।