पन्ना। 
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य और दलित पिछड़ा आदिवासी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दामोदर यादव मंडल ने शनिवार को पन्ना दौरे के दौरान बुंदेलखंड की राजनीति में तीखे बयान दिए। उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस में विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि बुंदेलखंड के गौरवशाली इतिहास के बावजूद, अब यहां "अर्जी-पर्ची" के नाम पर पाखंड का खेल चल रहा है। यादव ने किसी का नाम लिए बिना बागेश्वर धाम जैसे धार्मिक आयोजनों की ओर इशारा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बुंदेलखंड को जानबूझकर आडंबर और पाखंड की धरती बनाया जा रहा है, जहां 'अर्जी-पर्ची' निकालने वाले लोगों में अंधविश्वास फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बुंदेलखंड की 90% सीटों पर सीधा मुकाबला
आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर बात करते हुए दामोदर यादव ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 2023 में पार्टी नई होने के बावजूद, केवल 16 दिनों की तैयारी में अच्छे वोट हासिल किए थे। यादव के अनुसार, अगले विधानसभा चुनाव में बुंदेलखंड की 90% सीटों पर सीधा मुकाबला आजाद समाज पार्टी और भाजपा के बीच होगा, जिसमें कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं रहेगा।
इन सीटों पर सक्रियता बढ़ाई
उन्होंने यह भी बताया कि पन्ना जिले की तीनों विधानसभा सीटों – पन्ना, पवई और गुन्नौर – पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी संगठन ने अभी से सक्रियता बढ़ा दी है। प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर कटाक्ष करते हुए यादव ने कहा कि आज गरीबों के हाथ में कटोरा थमा दिया गया है। उन्होंने संकल्प लिया कि उनकी सरकार आने पर समान शिक्षा का अधिकार लागू किया जाएगा, जिससे चपरासी और कलेक्टर का बेटा एक ही स्कूल में पढ़ सकेंगे।
विकास के नाम पर भ्रष्टाचार खत्म होगा
उन्होंने यह भी वादा किया कि जिस अस्पताल में मजदूर का इलाज होगा, वहीं विधायक और सांसद का भी उपचार किया जाएगा। उविकास के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म किया जाएगा। ​उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्या जातिगत सोच और शोषण है। आज़ाद समाज पार्टी का लक्ष्य बुंदेलखंड को 'मनुवादी' और 'सामंतवादी' सोच से निकाल कर 'संविधानवादी' बनाना है।