नई दिल्ली। 
संसद की कार्यवाही के दौरान अक्सर तीखी बहस और हंगामे की तस्वीरें सामने आती हैं, लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसे हल्के-फुल्के पल भी आते हैं जो लंबे समय तक चर्चा में रहते हैं. ऐसा ही कुछ हुआ जब कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला विनियोग विधेयक पर अपनी बात रखने खड़े हुए. उन्होंने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर अपने खास चुटीले अंदाज में ऐसा तंज कसा कि पूरा सदन और अब सोशल मीडिया ठहाकों से गूंज रहा है. दरअसल, सांसद राजीव शुक्ला सदन में बोलने जा रहे थे, तभी सत्ता पक्ष के लोग शोर मचाने लगे. इस पर टोकते हुए राजीव शुक्ला ने कहा, ''अरे कितनी चमचागिरी भाई? कुछ तो शांत हो जाओ. आप कह रहे हैं कि आप मोदी जी को जानते हैं, तो मैं भी उन्हें 30 साल से जानता हूं. उन्हें इतनी तारीफ पसंद नहीं है जितनी आज यहां हुई है."
ट्वीट वाली बात पर लगा ठहाका
राजीव शुक्ला यहीं नहीं रुके, उन्होंने तंज कसते हुए आगे कहा, "आज मेरी समझ में आया कि मोदी जी को जब किसी का भाषण अच्छा लगता है, तो वह ट्वीट करके उसकी तारीफ करते हैं. लेकिन शिवराज जी, आप इतना लंबा-चौड़ा भाषण देते हैं, कम से कम 200 बार उनका नाम लिया होगा, फिर भी उन्होंने आज तक आपकी तारीफ में ट्वीट नहीं किया."