भोपाल। 
संसद के शीतकालीन सत्र में वंदे मातरम् पर घमासान जारी है। मंगलवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा के दौरान गीत पर आपत्ति दर्ज कराने वाले विपक्षी नेताओं की सूची सदन के पटल पर रखी। इस सूची में भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद का भी नाम शामिल है। सूची में नाम आने के बाद कांग्रेस विधायक मसूद ने कहा- मैंने विरोध नहीं किया। मैंने यह कहा कि मैं इसको नहीं गा पाऊंगा, तो गलत क्या कहा।
इन नेताओं के नामों की लिस्ट शाह ने संसद में रखी
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा जारी की गई सूची में हाल की घटनाओं से लेकर पूर्व के मामलों का उल्लेख है। इसमें कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, नेशनल कॉन्फ्रेंस के आगा सैयद, समाजवादी पार्टी के जियाउर्रहमान बर्क, भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद, कांग्रेस सांसद सिद्धारमैया और आरजेडी विधायक सऊद आलम का नाम शामिल है। कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के जिन नेताओं ने अलग-अलग मौकों पर वंदे मातरम् गाने से इनकार किया या इसे लेकर आपत्ति दर्ज कराई।
मसूद बोले- संसद में एक गान पर चर्चा चिंता की बात
अमित शाह द्वारा संसद में दी गई लिस्ट पर भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा- किसान को खाद नहीं मिल रहा, नौजवान तो शुरू से ही रोजगार के लिए रो रहा है। लेकिन देश की बड़ी संसद में चर्चा होगी एक गान को लेकर, अफसोस और चिंता की बात है।