निवाडी।
7 बार का विधायक हूं, फुर्सत में हूं, ज्यादा काम धाम नहीं है… यह कहना है कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय सिंह राहुल भैया का जो सोमवार को निवाड़ी के एक दिवसीय दौरा पर रहे। यहां उन्होंने सबसे पहले रामराजा सरकार के दर्शन किए। इसके बाद उनका काफिला निवाड़ी जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुआ। शहर में पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने निवाड़ी के मुख्य बाजार में स्थित गांधी चबूतरे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत बाईपास तिराहे पर स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वह युवक कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रत्नेश द्विवेदी के निवास पर भी पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात की। यहां उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, विशेषकर उज्जैन और ओरछा में खरीद-फरोख्त में भ्रष्टाचार को प्राथमिकता देने की बात कही।
मीडिया से बोले- मैं फुर्सत में हूं
इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जो कांग्रेसी घर में बैठे है उन्हें जोड़ने के लिए मैं यह यात्रा कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं फुर्सत में हूं… सात बार का विधायक हूं, ज्यादा काम धाम है… नहीं तो सोचा यही करूं।
भाजपा पर लगाए आरोप
अजय सिंह ने प्रदेश की सरकार निशाना लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार जहां भी कोई खरीदारी करती है, वहां भ्रष्टाचार को सबसे पहले प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि आज मैं ओरछा दर्शन के लिए गया था तो वहां के लोगों ने बताया कि सैकड़ों साल पुरानी जुड़ाई थी, उसे जबरदस्ती तोड़कर पत्थर लगाया गया। सब भरष्टाचार का मामला है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उज्जैन में सरकारी खरीद में नल की टोटी लगभग 800 रुपए में खरीदी गई और पानी का मटका भी कई गुना अधिक कीमत पर खरीदा गया, जो भ्रष्टाचार का प्रत्यक्ष उदाहरण है।
आएगी कांग्रेस सरकार, मीडिया पर सवाल
अजय सिंह ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि वर्ष 2028 में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो सभी का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस दौरान उन्होंने मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस लगातार सरकार की नाकामियों को उजागर करती है, लेकिन मीडिया अक्सर इन मुद्दों को पर्याप्त महत्व नहीं देती। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि कई बार ऊपर से फोन आने के बाद मीडिया केवल आधी-अधूरी बातें ही प्रकाशित करती है।