मुरैना। 
जरा सोचिए दबंग लोग आपके ही घर का रास्ता बंद कर दें, और आप हर जगह शिकायत करके हार गए हों... फिर आप क्या करेंगे? मध्य प्रदेश के मुरैना में एक दलित परिवार पर यही दर्द टूटा. हताश होकर इस परिवार ने ऐसा अनोखा कदम उठाया, जिसकी गूंज अब पूरे इलाके में सुनाई दे रही है. यहां दबंगो ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर एक दलित के घर का रास्ता रोक दिया है. पीड़ित ने इसको लेकर तहसीलदार से लेकर कलेक्टर-एसपी व राज्यपाल के पास शिकायत की, लेकिन उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई. इससे दुखी होकर दलित ने सोमवार को एसपी कार्यालय के बाहर लाउड स्पीकर पर रोते हुए जनता को अपनी पीड़ा सुनाई.
दलित आरोप, दबंगों ने उसके घर के सामने तार फेंसिंग कर सरकारी रास्ते को रोका
जानकारी के मुताबिक धर्मेंद्र कोरी अम्बाह तहसील स्थित जल का नगरा गांव में अपने परिवार के साथ रहता है. उसका घर गांव से बाहर एक खेत में बना हुआ है. घर के आगे सरकारी रास्ता है, और दूसरी तरफ दबंगो की जमीन है. धर्मेंद्र का कहना है कि उसके घर के सामने स्थित सरकारी रास्ते पर तार फेंसिंग कर गांव के ही रामशरण तोमर, टिक्की तोमर, जगमोहन तोमर तथा कल्लू तोमर ने कब्जा कर लिया है. तार फेंसिंग की वजह से उसका रास्ता बंद हो गया है. इस वजह से न तो उसका कोई रिश्तेदार वाहन लेकर उसके घर तक पहुंच पा रहा है, और ना ही वह कोई वाहन अपने घर तक ला पा रहा है. इस वजह से उसके सभी काम ठप्प हो गए हैं. उसने इसकी शिकायत तहसीलदार से लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर-एसपी को कई बार की, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है.
पीड़ित ने राज्यपाल तथा अनुसूचित कल्याण आयोग में भी की शिकायत
यही नहीं वह अपनी शिकायत लेकर भोपाल में राज्यपाल तथा अनुसूचित कल्याण आयोग तक भी गया. लेकिन फिर भी अधिकारी उसको तवज्जो नहीं दे रहे हैं. इसलिए वह जनता को अपनी पीड़ा सुनाने के लिए एसपी कार्यालय के बाहर बैठा है. युवक एसपी कार्यालय के बाहर करीब आधे घंटे तक लाउडस्पीकर पर रोते हुए जनता को अपनी पीड़ा सुनाता रहा, लेकिन फिर भी किसी अधिकारी ने उससे मिलना मुनासिब नहीं समझा.