• आरबीआई गवर्नर 7 फरवरी को बताएंगे ब्याज दरों में बदलाव होगा या नहीं

नई दिल्ली। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (एमपीसी) की मीटिंग आज यानी 5 फरवरी से शुरू हो रही है। यह तीन दिवसीय मीटिंग 7 फरवरी तक चलेगी। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली इस मीटिंग में ब्याज दर पर फैसला लिया जाएगा। यह इनकी अध्यक्षता में पहली मीटिंग होगी। आरबीआई ने फरवरी 2023 से रेपो रेट को 6.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा है।बैंक ऑफ अमेरिका सिक्युरिटीज यानी बोफाएस इंडिया के अर्थशास्त्री (भारत और एशिया) राहुल बाजोरिया और एलारा सिक्युरिटीज की इकोनॉमिस्ट गरिमा कपूर को उम्मीद है कि आरबीआई इस मीटिंग में रेपो रेट 0.25 प्रतिशत घटकर 6.25 प्रतिशत कर देगा।
आखिरी बार फरवरी 2023 में हुआ था बदलाव
मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की पिछली मीटिंग दिसंबर में हुई थी, जिसमें कमेटी ने लगातार 11वीं बार दरों में बदलाव नहीं किया था। आरबीआई ने आखिरी बार फरवरी 2023 में दरें 0.25 प्रतिशत बढ़ाकर 6.5 प्रतिशत की थीं।