• रोक के बाद भी हिंदी भाषी व्यापारियों के खिलाफ रैली करने जा रहे थे

मुंबई । महाराष्ट्र में मराठी को लेकर विवाद के बीच मंगलवार सुबह पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के ठाणे-पालघर प्रमुख अविनाश जाधव समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। जाधव के नेतृत्व में ये कार्यकर्ता ठाणे के भायंदर में व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन के जवाब में एक रैली करने जा रहे थे। पुलिस ने इस रैली की परमिशन नहीं दी थी। पुलिस ने सुबह करीब 3:30 बजे जाधव को उनके ठाणे स्थित घर से हिरासत में लिया और कई कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया है। भायंदर में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। भायंदर में ही 1 जुलाई को एक गुजराती दुकानदार को मराठी में बात न करने पर MNS कार्यकर्ताओं ने मारपीट की थी। इसके विरोध में व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया था।

DCP प्रकाश ने रैली पर रोक लगा दी थी

सोमवार को ही DCP प्रकाश गायकवाड़ ने आदेश जारी कर जाधव के भायंदर आने पर एक दिन की रोक लगा दी। आदेश में कहा गया कि जाधव पर पहले से 28 आपराधिक केस दर्ज हैं और उनकी मौजूदगी से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।