मंदसौर। 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बारे में दिए गए बयानों से नाराज पटवारी ने आज मंदसौर में सीएम पर पलटवार किया है. वोट चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदेश की यात्रा कर रहे जीतू पटवारी सोमवार शाम मंदसौर पहुंचे. यहां एक आम सभा को संबोधित करते हुए वह सीएम के बयानों को लेकर जोरदार गरजे.उन्होंने मंच से ही सीएम को चुनौती देते हुए दोनों के नार्को टेस्ट करवाने की चेतावनी दे डाली. उन्होंने कहा "मुख्यमंत्री मुझे नशेड़ी कहकर, मुझ पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. यदि मैं नशा करता हूं तो मुख्यमंत्री को साफ चेतावनी देता हूं, कि वह उनका और मेरा एक साथ नार्को टेस्ट करवा लें. ताकि सारे मामले की हकीकत साफ हो जाए." पटवारी ने कहा "टेस्ट के दौरान यदि मैं फेल साबित हुआ तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा. और यदि सीएम के बयान सही साबित हुए तो कोई बात नहीं, वह राजनीति की गद्दी पर बने रहें. अन्यथा उन्हें सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी पड़ेगी. पटवारी के इस बयान के बाद ठंडी पड़ी राजनीति में नया भूचाल आ गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को मंदसौर और नीमच के दौरे पर थे. उन्होंने यहां दोनों जिलों में आमसभा को संबोधित किया.इसी दौरान मंदसौर और नीमच जिले में अफीम और एमडी जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में भी उन्होंने प्रदेश सरकार और उसके मंत्रियों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मालवा की पवित्र भूमि अब नशे के कारोबार का गलियारा बन गई है. दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जीतू पटवारी के मध्य प्रदेश की महिलाओं द्वारा सबसे ज्यादा शराब पीने के बयान पर 27 अगस्त को उज्जैन में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था "पता नहीं कहां के आंकड़े ले आए, खुद की उतरी नहीं होगी रात की. पता नहीं क्या हुआ किसके लिए कह रहे हैं. भगवान जाने क्या मालूम क्या चक्कर है. जैसी बुद्धि वैसी बात, हमारी पार्टी और सरकार बहनों का अपमान करने का अधिकार किसी को नहीं देगी.