खरगोन। 
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में वार्ड क्रमांक 7 से कांग्रेस पार्षद राजेश प्रजापत पर बिस्टान नगर परिषद में पदस्थ महिला कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पार्षद और कर्मचारी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद पार्षद ने अधिकारियों के सामने महिला कर्मचारी को धमकी दी और नौकरी से निकालने की बात कही। उन्होंने कहा, ‘तुम कंप्यूटर ऑपरेटर हो, कल से कंप्यूटर चलाना।’ महिला ने इस पर जवाब दिया, जिससे पार्षद गुस्से में आग बबूला हो गए। अधिकारी के सामने पार्षद ने कहा, ‘यह कलेक्टर है क्या? अगर 20 तारीख से व्यवस्था नहीं सुधरी तो पिटाई भी करवाएंगे।’ घटना के बाद महिला कर्मचारी ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई है। मामले की जांच जारी है और वीडियो के वायरल होने के बाद प्रशासन ने स्थिति पर कड़ी नजर रखी हुई है।