खंडवा। 
मध्य प्रदेश के खंडवा में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कांग्रेस के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान महाराष्ट्र पुलिस ने कांग्रेस नेता यशवंत सिलावट को कस्टडी में ले लिया. यशवंत सिलावट पूर्व मंत्री के बेटे बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार, सिलावट कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए थे. इसी दौरान स्थानीय पुलिस के सहयोग से महाराष्ट्र पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में लिया. इसके बाद कोतवाली थाना खंडवा में कुछ देर पूछताछ की गई, फिर उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर महाराष्ट्र ले जाया गया. मामला महाराष्ट्र के धुलिया जिले की सिरपुर तालुका से जुड़ा है. महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, यशवंत सिलावट के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है. यह घटना करीब एक साल पुरानी है, जब उन्होंने कथित तौर पर एक व्यक्ति पर गोली चलाई थी. गोली लगने से पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया था. पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार प्रयास किए गए. इस दौरान यशवंत सिलावट ने जिला न्यायालय धुलिया से लेकर हाईकोर्ट तक अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया, लेकिन हर बार उनकी याचिका खारिज होती रही. महाराष्ट्र पुलिस का कहना है कि आरोपी को सिरपुर तालुका थाने में उपस्थित होकर गिरफ्तारी देने के लिए कई बार संपर्क किया गया, लेकिन वह टालमटोल करता रहा. मामला लंबित रहने और गिरफ्तारी न देने के चलते उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. इसी टीम ने खंडवा पहुंचकर यशवंत सिलावट को गिरफ्तार किया.