• कहा- मुफ्त इलाज, महिलाओं को 2100 देने की स्कीम नहीं 
  • आप बोली- अफसर भाजपा के दबाव में

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने संजीवनी और महिला सम्मान योजना को लेकर न्यूजपेपर में एक नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया कि, लोग इन तरह की योजनाओं के बहकावे में न आएं। राज्य सरकार ने ऐसी कोई योजना शुरू नहीं की है। दिल्ली सरकार की तरफ से दो विभागों ने यह नोटिस जारी किया। एक विज्ञापन महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से जारी किया गया है। दूसरा नोटिफिकेशन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने दिया है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसी महीने महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं को ?2100 रुपये हर महीने देने और संजीवनी योजना के तहत बुजुर्गों के मुफ्त इलाज का ऐलान किया था।
महिला एवं बाल विकास विभाग का पूरा नोटिस...

मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए महिला एवं बाल विकास विभाग के संज्ञान में लाया गया है कि एक राजनीतिक दल दिल्ली में महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के तहत 2100 रुपये प्रति माह देने का दावा कर रहा है। यह स्पष्ट किया जाता है कि दिल्ली सरकार की तरफ से ऐसी किसी योजना का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। जैसे ही ऐसी कोई योजना अधिसूचित की जाती है, महिला एवं बाल विकास विभाग पात्र व्यक्तियों के लिए दिशा-निर्देशों के अनुसार अपने आवेदन ऑनलाइन जमा करने के लिए एक डिजिटल पोर्टल लॉन्च करेगा। फिलहाल ऐसी कोई योजना मौजूद नहीं है, इसलिए इस गैर-मौजूद योजना के तहत रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन का सवाल ही नहीं उठता। कोई भी निजी व्यक्ति/राजनीतिक दल मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के नाम पर लोगों से जानकारी इकठ्ठा कर रहा है, तो यह धोखाधड़ी है। नागरिकों को सावधान किया जाता है कि इस योजना के नाम पर पर्सनल डिटेल, जैसे बैंक अकाउंट जानकारी, वोटर आईकार्ड, फोन नंबर, एड्रेस या कोई अन्य जानकारी किसी से शेयर न करें। जोखिम होने पर वे खुद जिम्मेदार होंगे। दिल्ली की जनता को सलाह दी जाती है कि वे ऐसी गैर-मौजूद योजना के वादों पर विश्वास न करें, क्योंकि ये भ्रामक और बिना किसी अधिकार के हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ऐसी किसी भी देनदारी या धोखाधड़ी के लिए जिम्मेदार नहीं होगा।