कटनी। 
कटनी में नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी बाइक से आए और फायरिंग कर भाग गए। सीने पर गोली लगते ही भाजपा नेता लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को कॉल किया। पुलिस पहुंची और भाजपा नेता को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना कैमोर नगर में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के पास की है। जानकारी के अनुसार, भाजपा पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष​​​​​​ नीलेश रजक अपनी बाइक से बाजार जा रहे थे, तभी बाइक पर आए नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
CCTV फुटेज से हमलावरों को तलाश रही पुलिस
सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावर बाइक से आकर भाजपा नेता को गाेली मारते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों की पहचान और तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।भाजपा नेता नीलेश रजक के परिजनाें ने शव का पीएम करने से इनकार कर दिया। वह कैमोर अस्पताल के बाहर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रोटेस्ट कर रहे है। मौके से पुलिस-प्रशासन के अधिकारी उन्हें समझाइश दे रहे है।