मरने के बाद भी चैन नहीं... अब अंतिम संस्कार का सामान भी नकली, घंटों तक शव जलने का इंतजार करते रहे परिजन
जबलपुर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है. यहां मिलावटखोरी का आलम ऐसा है कि अब अंतिम संस्कार में इस्तेमाल होने वाला सामान भी नकली बिक रहा है. एक दुकानदार ने शोकाकुल परिवार को असली “राल” की जगह रेत और मिट्टी पकड़ा दी, जिसकी वजह से श्मशान घाट में घंटों तक चिता नहीं जल पाई और मृतका के परिजन परेशान होते रहे.
श्मशान में परेशान रहा परिवार
यह दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला बेलबाग थाना इलाके के तुलसी मोहल्ला का है, यहां की निवासी शगुन सोनकर नामक महिला का बुधवार को निधन हो गया था. परिजन उनकी अंतिम यात्रा की तैयारी कर गुरंदी बाजार स्थित ‘नेवन्द क्लॉथ स्टोर्स’ से अंत्येष्टि की सामग्री खरीदने पहुंचे. दुकान संचालक जीतू सावलानी ने उन्हें सारा सामान दे दिया. इसके बाद परिजन शव को लेकर करियापाथर मुक्तिधाम पहुंचे. यहां जब चिता को आग दी गई, लेकिन घंटों बीतने के बाद भी शव नहीं जल पाया.
जब परिजनों ने इसकी वजह तलाशी तो उनके होश उड़ गए. क्योंकि उन्होंने पाया कि शव को जलाने में इस्तेमाल होने वाली जरूरी सामग्री “राल” पूरी तरह से नकली है. दुकानदार ने असली राल की जगह पैकेट में रेत और मिट्टी भरकर उन्हें थमा दी थी. इस धोखे के कारण परिवार अपनी प्रियजन का अंतिम संस्कार करने के लिए लगभग 3 घंटे तक श्मशान घाट में परेशान होते रहे.
पुलिस में शिकायत दर्ज
मृतका के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने तुरंत दुकानदार जीतू सावलानी को फोन पर इसकी जानकारी दी और असली राल भेजने की मिन्नतें कीं, लेकिन दुकानदार ने उनकी एक न सुनी. आखिर में थक-हारकर परिजनों ने एक दूसरी दुकान से असली राल मंगवाई, जिसके बाद महिला का अंतिम संस्कार पूरा हो सका. इस अमानवीय घटना से आहत होकर परिजनों ने बीती रात बेलबाग पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी दुकानदार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. मृतका के परिजनों की शिकायत पर बेलबाग पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनसुविधा से जुड़ी समस्याओं में कोताही बर्दाश्त नहीं करेंगे : ऊर्जा मंत्री तोमर
मध्यप्रदेश पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
राज्यपाल रमेन डेका ने जल संरक्षण और जनकल्याण पर दिया जोर
गोद में उठाया, चश्मा पहनाया : भैंसामुड़ा में दिखा मुख्यमंत्री का आत्मीय रूप
एमपी ट्रांसको ने जुलवानिया सब स्टेशन में ऊजीकृत किया 40 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर : ऊर्जा मंत्री तोमर
नये मध्यप्रदेश का मार्वलस माइलस्टोन साबित होगा इन्दौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव