जबलपुर के फ्लाईओवर के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस का विरोध:जबलपुर में देर रात कार्यक्रम स्थल पहुंचकर बैरिकेड तोड़े, कहा-जनता को परेशान न करें
जबलपुर।
जबलपुर में प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर के लोकार्पण के पहले कांग्रेस एक बार फिर हमलावर हो गई है। इस बार मुद्दा जनता की परेशानी है। फ्लाईओवर के उद्घाटन समारोह के लिए शहर की मुख्य सड़क पर मंच बनाया गया है। कांग्रेस को इससे एतराज है। उसका कहना है कि इससे जनता परेशान हो रही है और हाईकोर्ट ने भी किसी कार्यक्रम के लिए मेन रोड बंद करने पर रोक लगाई है। गुरुवार रात कांग्रेसी कार्यक्रम स्थल छोटी लाइन पहुंचे, बैरिकेड तोड़े और धरना दिया। करीब 1100 करोड़ की लागत से बने इस फ्लाईओवर का लोकार्पण 23 अगस्त को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कर रहे हैं। इसके लिए बीच सड़क पर डोम लगाया गया है। पुलिस-प्रशासन ने 20 अगस्त से ही गढ़ा, मेडिकल, गोरखपुर, शास्त्री ब्रिज की रोड बंद कर दी है। कांग्रेस का आरोप है कि इससे आम जनता को परेशानी हो रही है। यहां तक कि एम्बुलेंस को भी घूमकर जाना पड़ रहा है, जिससे मरीजों की परेशानी बढ़ रही है।
कांग्रेसी कार्यक्रम स्थल पहुंचे और बैरिकेड्स तोड़े
गुरुवार रात कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व विधायक विनय सक्सेना के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता छोटी लाइन पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, पर कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं रुके और आगे बढ़ते गए। पुलिस द्वारा लगाए बैरिकेड को तोड़कर मांग की है कि मुख्य सड़क को खोला जाए। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हल्की झड़प भी हुई। सौरभ शर्मा ने यह भी साफ कर दिया कि ये कार्यक्रम यहीं हुआ, तो 26 अगस्त को प्रस्तावित कांग्रेस का कार्यक्रम भी मुख्य सड़क पर होगा। जब इस कार्यक्रम को प्रशासन ने अनुमति दी है, तो उसके लिए भी दें।
जनता को परेशान किया जा रहा है
सौरभ शर्मा ने कहा कि जबलपुर जिले को फ्लाई ओवर की बड़ी सौगात मिल रही है। इस पर हमें बिल्कुल भी आपत्ति नहीं है, बल्कि खुशी हैं पर तीन दिन रोड बंद कर जनता को परेशान करते हुए कार्यक्रम करना ठीक नहीं है। रास्ता बंद होने से एम्बुलेंस फंस रही हैं। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। बैरिकेड कूदकर किसी तरह से लोग कई किलोमीटर तक पैदल जा रहे हैं। लोगों का व्यापार प्रभावित हो रहा है।

कपिल सिब्बल का बयान: मतगणना केंद्रों पर राज्य सरकार के कर्मचारी जरूरी
ठाणे में क्रेन हादसा: लिंक रोड साइट पर गिरने से दो मजदूरों की मौत
Mamata Banerjee का दावा: बंगाल में फिर बनेगी TMC सरकार
ईरान-यूएस तनाव के बीच फंसा सुपरटैंकर, रणनीतिक हलचल तेज
सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा, कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज
ईरान की कड़ी चेतावनी, अमेरिका की किसी भी कार्रवाई का जवाब देने की बात