नेता प्रतिपक्ष की पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग:उमंग सिघार ने लिखा- पीथमपुर फैक्ट्री हादसे पर कड़ी कार्रवाई होना चाहिए
धार।
धार जिले के पीथमपुर स्थित एक निजी केमिकल फैक्ट्री में रविवार रात तीन आदिवासी मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में गंधवानी के दीपक जामोद, तिरला के जगदीश निनामा और खातेगांव के सुशील कर्मा की जान गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में हुआ। मजदूरों को घायल अवस्था में पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पुलिस को तुरंत सूचना नहीं दी गई। बाद में उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष और गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में हादसे आम होते जा रहे हैं, लेकिन सरकार केवल जांच के आदेश देकर मामले दबा देती है। सिंघार ने मृतक परिवारों को उचित मुआवजा और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। धार कलेक्टर प्रियंक मिश्र ने बताया कि शासन स्तर से हर संभव मदद दी जाएगी। साथ ही फैक्ट्री प्रबंधन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी उद्योग प्रबंधकों के साथ बैठक की जाएगी। मजिस्ट्रियल जांच के आदेश देकर इसकी जिम्मेदारी पीथमपुर एसडीएम को सौंपी गई है।

नए स्मार्टफोन नथिंग फोन (4ए) की है आकर्षक डिजाइन