उज्जैन में आज कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा:पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पहुंचे, महाकाल के दर्शन किए; सचिन पायलट भी होंगे शामिल
उज्जैन।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृहक्षेत्र उज्जैन में कांग्रेस की आज किसान अधिकार यात्रा है। यात्रा के लिए उज्जैन में कांग्रेस नेताओं का आना शुरू हो गया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधु समेत स्थानीय कार्यकर्ता पहुंच गए हैं। दिग्विजय सिंह ने सबसे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस यात्रा की शुरुआत चिमनगंज मंडी परिसर में एक बड़ी सभा से होगी। इसमें कांग्रेस के बड़े नेता एक मंच पर इकट्ठा होकर किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाएंगे। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च करेंगे और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
सचिन पायलट भी आएंगे उज्जैन
इस कार्यक्रम में राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, हरीश चौधरी, उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। प्रदेश के 71 जिलों के कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों को भी सभा में बुलाया गया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष महेश परमार ने कहा कि किसानों को खाद-यूरिया के लिए लाठियां खानी पड़ रही हैं। फसल खराब होने पर बीमा नहीं मिल रहा। सरकार सोयाबीन का सही दाम नहीं दे पा रही। युवाओं को रोजगार और महिलाओं को सुरक्षा नहीं मिल रही, इसलिए कांग्रेस अब किसानों, गरीबों, पिछड़ों और युवाओं की आवाज उठाने के लिए इस आंदोलन की शुरुआत कर रही है।
यात्रा का ये रहेगा रूट
सभा के बाद पैदल मार्च चिमनगंज मंडी से शुरू होकर, आगर रोड, चामुंडा चौराहा, ब्रिज और फिर टॉवर चौक स्थित डॉ. आंबेडकर प्रतिमा तक जाएगा। वहीं पर यात्रा का समापन किया जाएगा।
सभा में 25 हजार लोगों की बैठने की व्यवस्था
कांग्रेस की सभा के लिए 90 फीट लंबा और 50 फीट चौड़ा मंच बनाया गया है। इसके साथ ही 190 बाय 550 फीट का डोम लगाया गया है, जिसमें करीब 25,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

नए स्मार्टफोन नथिंग फोन (4ए) की है आकर्षक डिजाइन