फंस गए इंदौर के डांसिंग कॉप! युवती के फ्लर्ट करने के आरोपों पर पुलिस ने दिए विभागीय जांच के आदेश
इंदौर।
मशहूर डांसिंग कॉप हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वजह उनका डांस या ट्रैफिक मैनेजमेंट नहीं, बल्कि एक विवादित सोशल मीडिया वीडियो है। एक युवती ने वीडियो जारी कर रणजीत सिंह पर इंदौर बुलाने और होटल में ठहराने की पेशकश करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद अब रणजीत सिंह को लाइन अटैच कर दिया गया है, साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा। इस पर रणजीत सिंह ने सफाई देते हुए एक वीडियो जारी किया और कहा कि यह बात उन्होंने मजाक में कही थी। हालांकि, वायरल वीडियो और उनकी सार्वजनिक छवि को देखते हुए ट्रैफिक विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। विभाग ने रणजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। यह जांच क्राइम ब्रांच की एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया को सौंपी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रणजीत सिंह अपने ट्रैफिक कंट्रोल के अनोखे डांसिंग स्टाइल की वजह से देशभर में लोकप्रिय हुए थे। लेकिन अब यह विवाद उनकी छवि के लिए नई चुनौती बन गया है। विभाग और आमजन में उनकी साख पर क्या असर पड़ेगा, यह जांच और उसके निष्कर्ष से साफ होगा।

बेटियों और बहनों के विकास से ही होगा समग्र विकास संभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पश्चिम बंगाल में गरजे सीएम योगी, बोले- टीएमसी के गुंडों का ‘यूपी मॉडल’ से होगा इलाज