इंदौर। 
इंदौर की संस्था पौरुष द्वारा एक अनोखा और कड़ा संदेश देने वाला होलिका दहन आयोजित किया जा रहा है। 2 मार्च, सोमवार को शाम 4 बजे से 6.30 बजे के बीच महालक्ष्मी नगर मेला ग्राउंड पर यह आयोजन होगा। इस बार होलिका का पुतला कोई सामान्य पुतला नहीं, बल्कि उन 11 महिलाओं के चेहरों को दर्शाता है जिन्होंने समाज को शर्मसार करने वाले कृत्य किए हैं।
संस्था का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं के खिलाफ आवाज उठाना है जिन्होंने अपने व्यक्तिगत स्वार्थ और अवैध संबंधों के चलते अपने ही मासूम बच्चों की हत्या कर दी। इस पुतले को आधुनिक हत्यारी होलिका का नाम दिया गया है।
सूचना सेठ सहित 11 हत्यारी मांओं का पुतला
संस्था अध्यक्ष एडवोकेट अशोक दशोरा के अनुसार, इस विशेष पुतले के केंद्र में बेंगलुरु की सीईओ सूचना सेठ का चेहरा होगा। सूचना सेठ पर आरोप है कि उसने अपने चार वर्षीय बेटे की गोवा के एक होटल में हत्या कर दी थी ताकि वह अपने पति से न मिल सके। इसके अलावा पुतले में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और गुजरात जैसी जगहों की उन महिलाओं के चेहरे भी शामिल हैं, जिन्होंने अनैतिक संबंधों के कारण अपने बच्चों की जान ली।
सामाजिक संदेश देने का प्रयास
संस्था का तर्क है कि जिस प्रकार पौराणिक काल में होलिका ने भक्त प्रहलाद को जलाने का प्रयास किया था, उसी प्रकार आज की ये आधुनिक महिलाएं अपने पापों को छुपाने के लिए मासूमों की बलि दे रही हैं। पौरुष संस्था का मानना है कि ऐसे अपराधों से समाज में गंदगी फैल रही है और परिवार नष्ट हो रहे हैं।
झूठे मुकदमों और पुरुष अधिकारों पर चर्चा होगी
इस आयोजन के माध्यम से संस्था उन पिताओं और परिवारों के प्रति भी सहानुभूति जता रही है जो महिला कानूनों के दुरुपयोग का शिकार हुए हैं। कार्यक्रम में ऐसे परिवारों को आमंत्रित किया गया है ताकि सामाजिक जागृति लाई जा सके। यह दहन प्रतीक होगा उन बुराइयों के अंत का जो रिश्तों की पवित्रता को खत्म कर रही हैं।