भोपाल।
पूर्व मंत्री कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने विधानसभा में गुना जिले के मकसूदनगढ़ में फर्जी अस्पताल को मुख्यमंत्री राहत कोष से सरकारी फंड देकर फर्जीवाड़ा किए जाने का मामला उठाया। उन्होने इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री से जवाब मांगा था। बाद में उन्होने मीडिया से चर्चा में कहा कि गुना जिले के मघसूदनगढ़ में संचालित भोपाल सिटी अस्पताल एक फर्जी अस्पताल था, जिसे दस महीने में करीब 50 लाख की सहायता जारी की गई।
कई लोगों की पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी बिल लगाए
जयवर्धन सिंह ने कहा कि यह अस्पताल 19 जुलाई 2024 से संचालित था। संचालक राजेश शर्मा द्वारा कई लोगों की पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी बिल लगाए गए। उन्होंने कहा कि ये फंड निर्धन परिवारों की मदद के लिए होता है लेकिन गुना में इसका दुरुपयोग हुआ है। आश्चर्य की बात है कि इस फर्जी अस्पताल को चलाने वाले लोगों पर कोई एफआईआर नहीं हुई है। हम सीएम से जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कराने की मांग करेंगे।
भोपाल सिटी अस्पताल गुना में अस्तित्व में नहीं
जयवर्धन सिंह ने कहा कि जिन लोगों के नाम पर पैसा निकाला गया, उन्होंने खुद वीडियो में कहा कि न वे भर्ती हुए  न उन्हें कोई मदद मिली। जयवर्धन सिंह ने कहा कि उनके सवाल उठाने के अगले ही दिन अस्पताल के संचालक ने 4 अप्रैल 2025 को अस्पताल बंद करने का पत्र जारी कर दिया, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल को 80 हजार, 1.20 लाख और 75 हजार की राशि दी गई। उन्होने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के जवाब में भी माना गया कि जांच के दौरान भोपाल सिटी अस्पताल गुना में अस्तित्व में नहीं पाया गया। उन्होने कहा कि अभी तक हम व्यापम घोटाले की बात करते थे। फर्जी डॉक्टरों की बात करते थे, लेकिन यह उदाहरण है कि फर्जी डॉक्टरों के साथ-साथ आप भाजपा सरकार फर्जी अस्पताल भी बना रही है। गुना सीएमएचओ, स्वास्थ्य अधिकारियों और फर्जी अस्पताल के संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करता हूं।
मंत्री ने माना हुई गड़बड़ी
कांग्रेस विधायक के सवाल पर दी गई जानकारी के अनुसार भोपाल सिटी हॉस्पिटल मकसूदनगढ़ के विरुद्ध राजेश शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री सहायता कोष योजना अंतर्गत फर्जी आवेदन लगाकर 40 से 50 लाख का फर्जीवाड़ा किए जाने संबंधी शिकायत सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर शिकायत क्रमांक 30978909 दिनांक 14/02/2025 को दर्ज की गई है। शिकायत के तारतम्य में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गुना द्वारा कार्यालयीन आदेश क्र. 3571 दिनांक 09/07/2025 द्वारा 04 सदस्यीय जांच दल गठित की गई जिनके द्वारा निरीक्षण किया गया परन्तु भोपाल सिटी हॉस्पिटल मकसूदनगढ़ संचालित होना नहीं पाया गया।