• ट्रक में लिफ्ट लेकर घर जा रही थीं महिलाएं 

उमरिया। मौत कहां कब किसका इंतजार कर रही है यह किसी को पता नहीं होता। ऐसा ही कुछ उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली क्षेत्र में तीन महिलाओं के साथ हुआ जिन्होंने एक ट्रक में लिफ्ट ली और कुछ दूर जाने के बाद ही जान चली गई। जिले के बिरसिंहपुर पाली में गुरुवार की सुबह हुई दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में उन तीन महिलाओं की मौत हो गई, जिन्होंने दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले ट्रक में लिफ्ट ली थी। इस घटना में दो अन्य लोग घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
एक महिला की पहचान
घटना में करने वाली सिर्फ एक महिला की पहचान अभी तक हो पाई है। जिस महिला की पहचान हुई है उसका नाम पार्वती बाई निवासी ग्राम बुढना जनपद पंचायत पाली बताया गया है। शेष दोनों महिलाओं की पहचान करने का प्रयास पुलिस कर रही है।
इस बारे में जानकारी देते हुए बिरसिंहपुर पाली नगर निरीक्षक मदन लाल मरावी ने बताया कि पाली थाना क्षेत्र के जीरो रोड पर यह हादसा हुआ है। एनएच 43 पर स्थित जीरो पॉइंट पर दो ट्रैकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन महिलाओं ने अपनी जान गंवाई है।
तेज गति के कारण हादसा
नगर निरीक्षक ने बताया कि दुर्घटना का शिकार होने वाला ट्रक पाली और शहडोल की दिशा से घटनास्थल पर पहुंचे थे। दोनों ही ट्रक काफी तेज गति में थे, जिसकी वजह से ट्रक चालक दुर्घटना को टाल नहीं सके। दोनों ही ट्रैकों में भारी मात्रा में सामान भी लोड था। नगर निरीक्षक मदनलाल मरावी का कहना है कि मृतक महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मजदूरी करके लौटी थी महिलाएं
बताया जा रहा है कि जिन महिलाओं की मौत ट्रक में हुई है, वह कहीं से मजदूरी करके वापस लौटी थी। यह सभी महिलाएं बिरसिंहपुर पाली बस स्टॉप पर किसी वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक वहां पहुंचा। इस ट्रक में महिलाओं ने लिफ्ट ले ली और आगे के सफर पर रवाना हो गई, लेकिन कुछ दूरी पर जाते ही दुर्घटना हो गई और तीनों महिलाओं की जान चली गई।