ग्वालियर।
सर्दियां शुरू हो चुकी हैं, मौसम सर्द है. ऐसे में इंसान तो दुशाला ओढ़ लेता है गर्म कपड़े पहन लेता है. लेकिन उन बेजुबानों का क्या जो सड़कों पर बेसहारा घूमते हैं. जिनके लिए ना तो अब तक अलाव की व्यवस्था है और ना ही ठंड से बचने का तरीका. ऐसी ही आवारा गौवंश को सर्दी से बचाने का बीड़ा उठा लिया है मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी गौशाला ने. यहां गायों के लिए प्रतिदिन एक क्विंटल विशेष लड्डू प्रसाद तैयार कराये जा रहे हैं. जो उन्हें सेहतमंद रखने के साथ ही सर्द रातों में गर्म भी रखेगा.
गौशाला में तैयार किए जा रहे गायों के लिए लड्डू
ग्वालियर के लाल टिपारा स्थित आदर्श गौशाला हमेशा ही कुछ नवाचार करती रहती है, कभी यहां गोबर से गुलाल बनाया जाता है तो कभी गौवंश के साथ विवाह महोत्सव मनाया जाता है. लेकिन मूल उद्देश्य हमेशा ही गौसेवा रहता है. ये गौशाला आज संतों की देखरेख में संचालित होती है. यही वजह है कि, आज यह गौशाला आत्म निर्भर है और गौसेवा में हर दिन नए प्रयास यहां देखने को मिलते हैं. इसी क्रम में अब आदर्श गौशाला के भंडार गृह में तैयार हो रहे हर दिन विशेष तरह के लड्डू, ये लड्डू आम लोगों के खाने के लिए नहीं बल्कि गौमाता जो बाहर सड़कों पर हैं, उनके प्रसाद के लिए तैयार कराए जा रहे हैं. जिससे उन्हें ठंड से बचाया जा सके.
इन खास चीजों से बनाये जा रहे हैं लड्डू
ये लड्डू शहर में बेसहारा घूम रही गायों को खिलाए जा रहे हैं. जिससे सर्द मौसम में भी उनकी सेहत ना बिगड़े. लेकिन आखिर इन लड्डू में ऐसा क्या विशेष है जो गायों को सर्दी से बचा लेगा? ये बात आपके मन में भी आ रही होगी. तो आपको बता दें कि, ये विशेष तरह का लड्डू प्रसाद गुड बाजरा, अजवाइन और मैथीदाना से तैयार किया जाता है. ये सभी चीजे गर्म तासीर की हैं ऐसे में सर्द मौसम में ये गायों को अंदर से गर्म रखते हैं.