ग्वालियर।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात सम्यक समाज संघ (S-3) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाखन सिंह बौद्ध पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। शादी समारोह से लौट रहे लाखन सिंह पर यह हमला रात करीब 1:40 बजे सुरेश नगर सरकारी मल्टी के पास हुआ। कार में उनके साथ S-3 की प्रदेश सुरक्षा प्रभारी दीपिका बौद्ध भी मौजूद थीं। घटना के बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, लाखन सिंह एक मीटिंग और विवाह समारोह में शामिल होने के बाद अपनी स्विफ्ट डिजायर कार MP07 CJ-0116 से मुरार स्थित अपने घर लौट रहे थे। तभी सुरेश नगर के पास अचानक दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी के सामने आकर रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने कार रुकवाकर लाखन सिंह को बाहर निकलने का इशारा किया। खतरा भांपते हुए लाखन सिंह ने तुरंत कार का गेट लॉक कर लिया, जिसके बाद हमलावरों ने जबरन गाड़ी का दरवाज़ा खोलने का प्रयास किया और गालियां देते हुए कहा- 'बहुत नेतागिरी करता है, आज इसको सबक सिखाना है।'
कार आगे भगाई तो पीछा किया, पत्थर मारे
बचाव में लाखन सिंह ने तेजी से कार आगे बढ़ा दी, लेकिन बदमाशों ने पीछे से पथराव कर दिया, जिससे कार का पिछला शीशा पूरी तरह टूट गया। हमलावर बाइक से करीब आधा किलोमीटर तक उनका पीछा करते हुए मेला ग्राउंड तक पहुंचे। वहां पुलिस पॉइंट होने के कारण बदमाश भाग निकले। इसके बाद लाखन सिंह ने थाटीपुर थाना पहुंचकर घटना की सूचना दी और रिपोर्ट दर्ज कराई।
हमले को हत्या की कोशिया बताया
लाखन सिंह बौद्ध ने बताया कि पिछले कुछ समय से उन्हें टारगेट किया जा रहा है और यह हमला उनकी हत्या की कोशिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस जल्द आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं करती, तो उनके समर्थकों में आक्रोश बढ़ सकता है।
सीसीटीवी कैमरों में आरोपी तलाश रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि देर रात हुई इस वारदात की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।