ग्वालियर । 
ग्वालियर में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े एक लड़की को गोलियों से भून दिया गया। घटना रूप सिंह स्टेडियम के सामने की है। यहां बदमाश ने लड़की को रोका और उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि लड़की को 4-5 गोली लगी है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।इधर, बदमाश को रोकने के लिए वहां तैनात पुलिस ने कोशिश की, लेकिन वह किसी के हाथ नहीं आया। बदमाश ने पुलिस के सामने भी पिस्टल तान दी। पुलिस को आरोपी पर काबू पाने के लिए टियर गैस फायर करना पड़ा। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया।
लड़की पर एक-एक कर कई गोलियां चलाई
प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट एमपी सिंह ने बताया कि मैं न्यायालय से आ रहा था। तरुण पुष्कर तक पहुंचा था कि गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इधर आकर देखा तो एक साइको टाइप का व्यक्ति था, उसने एक बच्ची पर एक-एक कर कई गोलियां चलाईं। तीन गोलियां तो मेरे सामने चली हैं। लड़की सड़क पर बेसुध पड़ी थी। यहां भीड़ लगी थी कोई उसे नियंत्रित नहीं कर सकता था। इसलिए पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम के आने के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े तब आरोपी को पकड़ा जा सका।