ग्वालियर। 
ग्वालियर के मुरार-बड़ागांव हाईवे स्थित एक होटल में फूड ऑर्डर देने में हुई मामूली देरी पर फायरिंग और तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों का सीधा संबंध पुलिस महकमे से निकला है। मामले में पुलिस ने एक थाना प्रभारी (TI) के दामाद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य की तलाश जारी है। वारदात मुरार बड़ागांव हाईवे पर हाईवे ग्लोरी होटल में मंगलवार रात को हुई। बदमाशों ने होटल में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। मेन गेट के कांच फोड़ दिए। रिसेप्शन काउंटर पर गोलियां दागीं। बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। करीब आधा घंटे तक उत्पात मचाया। फिर भाग निकले। होटल के स्टाफ ने टेबल के नीचे और काउंटर के पीछे छिपकर जान बचाई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था।
CCTV फुटेज से हुई पहचान
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी संजय सिंह यादव, चंबल संभाग में पदस्थ एक थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव का रिश्ते में समधी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी सुमित यादव थाना प्रभारी का दामाद बताया जा रहा है।
मुख्य आरोपी फरार अब भी फरार
पुलिस ने गुरुवार रात कार्रवाई करते हुए सुमित यादव, सूरज यादव और प्रदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सुमित शहर से भागने की तैयारी में था, तभी सूचना मिलने पर उसकी घेराबंदी कर दबोच लिया गया। मुख्य आरोपी संजय यादव समेत तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
ऑर्डर में देरी पर शुरू हुआ विवाद
घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे की है। मुरार थाना क्षेत्र में मोहनपुर पुल के पास स्थित 'हाईवे ग्लोरी' होटल में संजय यादव खाना खाने पहुंचा था। उसने तुरंत ऑर्डर लेने की बात कही। होटल के रिसेप्शनिस्ट रोहित राजपूत ने वेटर के व्यस्त होने की जानकारी दी, जिससे संजय नाराज हो गया।
आरोप है कि उसने काउंटर के अंदर घुसकर रोहित राजपूत से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए वेटर सुमित लोधी को भी पीटा और जाते-जाते धमकी देकर चला गया।
साथियों के साथ लौटकर की फायरिंग
कुछ देर बाद संजय यादव अपने साथियों के साथ दोबारा होटल पहुंचा। आरोपियों ने होटल के मुख्य गेट पर फायरिंग की, जिससे शीशा टूट गया। इसके बाद पार्किंग में खड़ी कारों पर गोलियां चलाईं और डंडों से तोड़फोड़ की। आरोपी होटल के अंदर घुसकर रिसेप्शन काउंटर पर भी फायरिंग कर फरार हो गए।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मुरार थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी संजय यादव और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।