पुलिस चौकी या मयखाना? नशे में धुत ASI का अर्धनग्न वीडियो वायरल, SP हितिका वासल ने तत्काल किया लाइन हाजिर
गुना।
जिले के मृगवास थाना अंतर्गत बांसाहेड़ा पुलिस चौकी एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हडकंप मचा दिया है। इस वीडियो में चौकी प्रभारी एएसआई जगदीश जाटव पुलिस चौकी परिसर के भीतर ही आपत्तिजनक और अर्धनग्न स्थिति में नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर गंभीर सवालिया निशान लग गए हैं।
चौकी परिसर के भीतर नशे में धुत होने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के हवाले से बताया जा रहा है कि वीडियो उस समय का है जब एएसआई जाटव चौकी के ही एक कक्ष में मौजूद थे। आरोप है कि वे शराब के नशे में इतने धुत थे कि उन्हें अपनी वर्दी और पद की गरिमा का भी ख्याल नहीं रहा। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब बांसाहेड़ा चौकी प्रभारी विवादों में आए हों। क्षेत्र में चर्चा है कि संबंधित अधिकारी पूर्व में भी एनडीपीएस के मामलों में लोगों पर दबाव बनाने, डराने-धमकाने और अवैध वसूली जैसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। हालांकि इन भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो पाएगी।
विभाग की छवि पर लगा दाग
जैसे ही यह वीडियो स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैला। पुलिस के उच्च अधिकारियों तक मामला पहुंच गया। आम जनता में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और लोग अनुशासनहीनता बरतने वाले अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक लगातार जिले में पुलिस की छवि सुधारने और गलत कार्यों में लिप्त कर्मियों पर गाज गिराने का काम कर रही हैं, ऐसे में इस घटना ने विभाग की साख को बट्टा लगाया है।
अशोभनीय आचरण पर तत्काल लाइन हाजिर
पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और घोर अनुशासनहीनता बरतने के मामले में गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कड़ा रुख अपनाया है। बांसाहेड़ा चौकी प्रभारी जगदीश जाटव का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के चंद घंटों के भीतर ही एसपी ने आदेश जारी कर उन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन, गुना संबद्ध कर दिया है। जारी आदेश में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि चौकी प्रभारी का परिसर में अशोभनीय स्थिति में पाया जाना पुलिस विभाग की गरिमा के विरुद्ध है।
जांच के आदेश भी जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांचौड़ा को पूरे घटनाक्रम और वायरल वीडियो की प्राथमिक जांच के निर्देश दिए हैं। जांच प्रतिवेदन अविलंब प्रस्तुत करने को कहा गया है, जिसके आधार पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आगे की कठोर वैधानिक और विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वर्दी की मर्यादा से समझौता करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

VIT भोपाल में टाइफाइड का कहर, 40+ छात्र संक्रमित
अमेरिका में नया बिल, H-1B कटौती से भारतीयों पर असर तय?