अनफिट पुलिसकर्मी सावधान! आईजी बोले - फिटनेस में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गिर सकती है गाज
गुना।
ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना ने वार्षिक पुलिस परेड निरीक्षण के दौरान अनफिट पुलिसकर्मियों पर नाराजगी जताई। लाल परेड मैदान में आयोजित परेड में जब आईजी की नजर कुछ थाना प्रभारियों पर पड़ी, जो शारीरिक रूप से फिट न होने के कारण ठीक से परेड नहीं कर पा रहे थे, तो उन्होंने कड़ी फटकार लगाई।
आईजी सक्सेना ने मौके पर ही निर्देश दिए कि जो पुलिसकर्मी फिट नहीं हैं, उन्हें नियमित रूप से व्यायाम कराया जाए। इसके लिए एक सहायक उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि फिट पुलिसकर्मी ही बेहतर कानून व्यवस्था संभाल सकते हैं, इसलिए सभी अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।
फिट को सम्मान, अनफिट को फटकार
निरीक्षण के दौरान आईजी ने परेड में शामिल जवानों के टर्नआउट और अनुशासन की बारीकी से जांच की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को प्रशंसा पत्र और पुरस्कार दिए गए, वहीं जिनका प्रदर्शन कमजोर रहा, उन्हें सुधार की हिदायत दी गई। उन्होंने पुलिस बैंड और परेड की प्रस्तुतियों की भी सराहना की।
वाहनों और शाखाओं का भी निरीक्षण
आईजी सक्सेना ने पुलिस वाहनों की स्थिति, रखरखाव और ड्राइवरों की डायरियों का अवलोकन किया। बेहतर रखरखाव करने वाले चालकों को पुरस्कार देने की घोषणा की।
कर्मचारी दरबार में सुनी समस्याएँ
निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन में आयोजित कर्मचारी दरबार में आईजी सक्सेना ने पुलिसकर्मियों से संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएँ सुनीं और जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। आईजी ने सभी को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने की संस्था नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की आधारशिला है। इसके लिए हर कर्मी को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहना जरूरी है।

PMI: फरवरी में तीन महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंचा भारत का पीएमआई, फैक्ट्री उत्पादन में बढ़ोतरी रही मुख्य वजह
बैरागढ़ मामले में आबकारी विभाग की सफाई, मीडिया को दी गई अधूरी जानकारी
‘औकात’ बयान पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन