MP के इस जिले में जर्जर सड़को के गड्ढों पर कांग्रेस नेताओं ने लगाए कमल के फूल, बिछाए गुलाब..
गुना।
मध्य प्रदेश के गुना जिले में नगरपालिका क्षेत्र में जर्जर हो रहीं मुख्य सड़कों के गड्ढों से जनता को निजात दिलाने के उद्देश्य से युवक कांग्रेस ने गुरुवार को शहर में अनोखा प्रदर्शन किया। युकां कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर चौराहे से लेकर बीजी रोड़ ओवर ब्रिज की सड़कों के गड्ढों में भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल का फूल और गुलाब बिछा दिए। कांग्रेस नेताओं ने ऐसा करके गुना नगरपालिका की नाकामी को उजागर करने का प्रयास किया और जनता को भी संदेश दिया कि भाजपा की सरकार ने उन्हें गड्ढे और विकास के झूठे वायदे देकर सिर्फ और सिर्फ धोखा किया है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व युकां कार्यकर्ता दीपक यादव मानपुर और रोहित धाकड़ परसौदा ने किया। धरना-प्रदर्शन की शुरुआत अम्बेडकर चौराहे से हुई। जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का चुनाव चिन्ह पोस्टर लगाकर गुलाब के फूल बिखेर दिए। उन्होंने कहा कि गुना में नगरपालिका से लेकर सांसद तक सभी प्रतिनिधि भाजपा के हैं, इसके बावजूद गुना शहर की जनता गड्ढों के बीचों-बीच सफर कर परेशानी का सामना कर रही है। धरना-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने कांग्रेस के पार्षद और नगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष शेखर वशिष्ठ व कांग्रेस के पूर्व शहर जिला अध्यक्ष हरिशंकर विजयवर्गीय भी मौके पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने बदहाल हो चुकी सड़कों के लिए गुना नगरपालिका को जिम्मेदार ठहराया। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि वे 19 सितम्बर को होने वाले नगरपालिका के साधारण सम्मेलन में जनता की परेशानियों को प्रमुखता से उठाएंगे। वहीं कांग्रेस नेता हरिशंकर विजयवर्गीय ने शहर के बिगड़े हालात पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का स्तर बढ़ गया है। युवक कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन के जरिए नगरपालिका और भाजपा के जनप्रतिनिधियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर जल्द ही गुना नगरपालिका क्षेत्र के लोगों को गड्ढे और मूलभूत समस्याओं से छुटकारा नहीं मिला तो गुना में उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसकी जवाबदेही गुना नगरपालिका और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की होगी।

युद्ध या समझौता: मझधार में फंसे डोनाल्ड ट्रंप
भारत-इक्वाडोर संबंधों में नई मजबूती, दवा से डिजिटल तक समझौते
आज का बड़ा मुकाबला: PBKS vs GT, हेड टू हेड आंकड़े क्या कहते हैं
ट्रंप और चांसलर मर्ज के विवाद के बाद लिया गया जर्मनी से सैनिक हटाने का फैसला
आस्था की लहर: चारधाम यात्रा के लिए उमड़ी भीड़, रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन