• लखनऊ के ब्राह्मण को लगी गोली

  • तोड़फोड़-पथराव रोकने को पुलिस का लाठीचार्ज, माहौल तनावपूर्ण

कुरुक्षेत्र । हरियाणा के कुरुक्षेत्र में महायज्ञ में आए ब्राह्मणों पर शनिवार सुबह साढ़े 9 बजे आयोजकों के सुरक्षा गार्डों ने फायरिंग कर दी। जिसमें लखनऊ से आए ब्राह्मण आशीष तिवारी को गोली लग गई। इससे ब्राह्मण भड़क गए। इसके बाद उनकी और आयोजकों के हायर निजी एजेंसी के सुरक्षा गार्डों के बीच मारपीट हुई। इसमें लखीमपुर के रहने वाले प्रिंस शुक्ला भी जख्मी हो गए। दूसरे करीब 20-21 ब्राह्मणों को भी चोटें लगी हैं। इसके बाद ब्राह्मण भड़क गए। वह यज्ञशाला से बाहर निकले और तोड़फोड़ व पथराव शुरू कर दिया। गुस्साए ब्राह्मणों ने महायज्ञ की यज्ञशाला का मुख्य द्वार तोड़ दिया। डंडे-पत्थरों से रोड पर लगे बैनर-होर्डिंग भी फाड़ दिए। फिर उन्होंने थीम पार्क के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया। वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को जबरन रोकना शुरू कर दिया। बवाल मचने का पता चलते ही कुरुक्षेत्र पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने ब्राह्मणों को शांत करने की कोशिश की। जब वे नहीं माने तो पुलिस ने हलका लाठीचार्ज कर ब्राह्मणों को वहां से हटाया। फिलहाल पुलिस ने ब्राह्मणों को सड़क से हटा दिया है। शहर में सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

घटना को लेकर ब्राह्मणों-आयोजकों, पुलिस ने क्या कहा..

  • ब्राह्मण बोले- बासी खाने का विरोध किया, पहले भी थप्पड़ मारते थे इस मामले में प्रदर्शन कर रहे ब्राह्मणों ने कहा कि उन्हें लगातार बासी खाना दिया जा रहा था। जिसके विरोध पर उनकी पहले भी आयोजकों के बाउंसर यानी गार्डों से बहस हुई थी। ब्राह्मणों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले दिन से ही बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उन्हें किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे थे। कभी भी किसी के साथ मारपीट कर देते थे। कोई घूमता दिखाई देता तो उसे भी थप्पड़ या डंडा मार देते थे।
  • गोली लगने से घायल ब्राह्मण बोला- नाश्ते से बदबू आ रही थी आशीष तिवारी ने बताया- प्रयागराज के हरिओम बाबा ने 1008 कुंडीय यज्ञ रखा है। इसमें 1008 ब्राह्मण को बुलाया था। पहले वृंदावन के 70 ब्राह्मणों को पीटा, वे भाग गए। आज यज्ञ के बाद ब्राह्मण नाश्ता करने गए थे। नाश्ते से बदबू आ रही थी। उन्होंने विरोध किया तो गार्ड ने गाली दी। उन्होंने कहा कि वे बाबा से शिकायत करने जा रहे है। इस पर गार्ड ने उन पर लाठी से हमला कर दिया। ईंटे चलाई। ये सुरक्षा गार्ड निजी है, जिन्हें सरकारी बताकर यहां लगाया गया है।
  • आयोजक स्वामी शुभ बोले- शरारती तत्वों ने किया यज्ञ के आयोजक आचार्य स्वामी शुभ ने बताया कि यह काम किसी शरारती तत्व ने किया है। वे खुद भी मामले की जांच कर रहे हैं। वे क्यों चाहेंगे उनके यज्ञ में कोई विघ्न हो। जो आरोपी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
  • कुरुक्षेत्र पुलिस बोली- ब्राह्मणों को यज्ञशाला भेजा कुरुक्षेत्र पुलिस के प्रवक्ता नरेश सागवाल ने कहा कि ब्राह्मणों का लगाया जाम खुलवा दिया गया है। स्थिति शांतिपूर्ण है। अभी पुलिस को इस बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी अपने स्तर पर पुलिस जांच कर रही है। ब्राह्मणों को समझा बुझाकर यज्ञशाला में भेज दिया है।