• पीएम मोदी के साथ तानसेन का मकबरा देख सकते हैं
  • यह दौरा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अहम

भोपाल। 25 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मप्र के दौरे पर आ रहे हैं। पीएम का मप्र दौरा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काफी अहम है, क्योंकि इस दिन फिजी के राष्ट्रपति नैकामा लालाबलावू ग्वालियर आएंगे। फिजी के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी दोनों नेता करीब दो घंटे तक ग्वालियर में साथ रहेंगे।
ग्वालियर किला और तानसेन का मकबरा देख सकते है
अभी तक संभावित कार्यक्रम के मुताबिक फिजी के राष्ट्रपति नैकामा लालाबलावू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्वालियर में सुबह करीब 11 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद दोनों नेता ग्वालियर का किला और तानसेन के मकबरे पर जा सकते हैं। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच रणनीतिक और व्यापारिक संबंधों पर चर्चा संभावित है।
फिजी में 37% भारतीय मूल की आबादी
फिजी में भारतीय मूल की आबादी (विशेषकर गिरमिटिया मजदूरों के वंशज) लगभग 37% हैं। फिजी में हिंदी और भोजपुरी जैसी भाषाएं, भारतीय त्योहार, भोजन और संस्कृति वहां प्रचलित हैं।
फिजी और भारत के बीच रणनीतिक और राजनीतिक महत्त्व
फिजी दक्षिण प्रशांत क्षेत्र का प्रमुख द्वीप देश है, जो हिंद-प्रशांत रणनीति में अहम भूमिका निभा सकता है। भारत और फिजी दोनों क्वाड सहयोगियों के साथ अच्छे संबंध रखते हैं, जिससे समुद्री सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन पर काम हो सकता है।
आर्थिक और तकनीकी सहयोग
कृषि, आईटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, नवीकरणीय ऊर्जा में भारत के पास सहयोग की क्षमता है। फिजी को पर्यटन और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में भारत के निवेश से फायदा हो सकता है। UN, कॉमनवेल्थ, G77 जैसे मंचों पर दोनों देश विकासशील देशों के मुद्दों पर मिलकर काम कर सकते हैं। जलवायु परिवर्तन और समुद्र-स्तर वृद्धि के मुद्दों पर फिजी की आवाज को भारत समर्थन देता है।
ग्वालियर के बाद धार जाएंगे पीएम मोदी
संभावित कार्यक्रम के मुताबिक दोपहर बाद 3 बजे ग्वालियर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धार जाएंगे। धार जिले के बदनावर क्षेत्र में बनने वाले देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन करेंगे। पीएम मित्रा पार्क का निर्माण पूरा होने पर पूरे मालवा क्षेत्र के विकास को नए पंख लगेंगे। धार जिले का यह क्षेत्र पीथमपुर की तरह अब दूसरा वृहद औद्योगिक केंद्र (इन्डस्ट्रियल हब) बनने जा रहा है। इस पार्क की स्थापना से पूरे मालवा क्षेत्र के कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और करीब 3 लाख लोगों को प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से स्थाई रोजगार मिलेगा।
सीएम ने कहा- बदनावर इंदौर मेट्रोपॉलिटन का हिस्सा बनेगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि धार जिले का बदनावर क्षेत्र इंदौर मेट्रोपॉलिटन सिटी एरिया का हिस्सा भी बनेगा। इससे इस क्षेत्र को मेट्रोपॉलिटन एरिया की सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। यहां अपना उद्योग स्थापित करने वाले सभी निवेशकों, उद्योग समूहों और कंपनियों को फोर लेन रोड, रेल और एयर कनेक्टिविटी सुविधा भी उपलब्ध कराई जायेगी।