• ट्रम्प के 'बिग ब्यूटीफुल बिल' के खिलाफ थे, इसे फिजूलखर्ची बताया था

वॉशिंगटन। ट्रम्प ने इलॉन मस्क को 20 जनवरी 2025 को सरकार में शामिल किया था। मस्क ने 29 मई को पद से इस्तीफा दे दिया है। टेस्ला के मालिक और अमेरिकी अरबपति इलॉन मस्क ने ट्रम्प प्रशासन छोड़ दिया है। उन्होंने भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार सुबह 5.30 बजे सोशल मीडिया X पर यह जानकारी दी। मस्क ने कहा कि स्पेशल गवर्नमेंट एंप्लायी के तौर पर मेरा समय पूरा हुआ। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को धन्यवाद भी दिया। ट्रम्प ने मस्क को डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) का जिम्मा दिया था। जिसका काम सरकार की फिजूलखर्ची कम करना था।

ट्रम्प के 'बिग ब्यूटीफुल बिल' के खिलाफ थे मस्क

मस्क उस बिल का विरोध कर रहे थे जिसे ट्र्म्प ने बिग ब्यूटीफुल बताया था। DOGE छोड़ने से पहले मस्क ने कहा कि DOGE का काम खर्चों में कटौती करना है और यह बिल उस मकसद के खिलाफ है।

इस्तीफे के एक दिन बाद कार्यकाल खत्म होना था

जानकारी के मुताबिक ट्रम्प ने राष्ट्रपति बनने के बाद DOGE प्रमुख के तौर पर मस्क की नियुक्ति 30 मई 2025 तक के लिए ही की थी। यानी जब मस्क ने इस्तीफा दिया, उसके एक दिन बाद ही उनका कार्यकाल खत्म हो रहा था। मस्क राष्ट्रपति चुनाव के कैंपेन के समय से ही ट्रम्प के साथ थे। वे उनकी सभाओं में भी मौजूद रहते थे। तस्वीर 5 अक्टूबर 2024 को पेन्सिलवेनिया में ली गई थी।

सरकार से अलग, ट्रम्प से भी दूरी के संकेत

मस्क ने DOGE छोड़ने से एक दिन पहले अमेरिकी टीवी चैनल CBS को दिए इंटरव्यू में कहा - राजनीति में जितना करना था कर लिया। अब चंदा नहीं दूंगा। वॉशिंगटन पोस्ट को दिए इंटरव्यू में मस्क ने कहा था- फेडरल ब्यूरोक्रेसी की हालत जितनी सोची थी, उससे कहीं ज्यादा खराब है। ये दोनों बयान संकेत है कि मस्क राजनीति से दूरी बनाएंगे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मस्क अब सरकारी भूमिका से हटकर फिर से टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी अपनी कंपनियों पर ध्यान देने जा रहे हैं।