कामचटका

रूस के पूर्वी प्रायद्वीप कामचटका में दुनिया का छठा सबसे बड़ा भूकंप आया है। US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 8.8 थी। यह भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 4:54 बजे आया। रॉयटर्स के मुताबिक कामचटका में 4 मीटर तक ऊंची सुनामी आई है। इसकी वजह से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। USGS ने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन से 19.3 किलोमीटर की गहराई में था।  कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने वीडियो पोस्ट कर कहा कि आज का भूकंप दशकों में सबसे शक्तिशाली था। उन्होंने कहा कि एक किंडरगार्टन स्कूल को नुकसान पहुंचा है। जापान के NHK टेलीविजन के मुताबिक, देश के पूर्वी तट के पास एक फुट ऊंची पहली सुनामी लहरें पहुंची हैं। जापान ने 20 लाख लोगों को हटाकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है। इसके अलावा अपने फुकुशिमा परमाणु रिएक्टर को खाली को करा लिया है।

पेरू, इक्वाडोर और चीन में भी सुनामी की चेतावनी

रूस में आए भूकंप के बाद पेरू, इक्वाडोर और चीन में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, पेरू और इक्वाडोर के गैलापागोस द्वीपों में चेतावनी जारी की गई है। वहां एहतियात के तौर पर कुछ इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा है।हालांकि ये क्षेत्र रूस के कामचटका प्रायद्वीप में आए भूकंप के केंद्र से करीब 13,000 किलोमीटर (8,000 मील) दूर हैं, लेकिन फिर भी संभावित खतरे को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। इसके अलावा, पूर्वी चीन के कुछ तटीय इलाकों में भी सुनामी की लहरें पहुंचने की आशंका जताई गई है। अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने का आदेश दिया गया है।