धार। 
मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद में सत्ताधारी दल भाजपा के बड़े नेता और नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रामलाल यादव के साथ जमकर मारपीट हुई है. ये आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने की है. बुधवार रात हुई की घटना ने सनसनी फैला दी है. भाजपा नेता पर अवैध शराब सप्लाई करने का आरोप लगा है. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है. 
ये है मामला 
भाजपा के वरिष्ठ नेता रामलाल यादव पर आरोप है कि वह एक वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर सप्लाई कर रहे थे. इस दौरान आबकारी विभाग की टीम ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने  मौके पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर रामलाल यादव के हाथ बांधकर बेरहमी से पीटा. मारपीट में उन्हें चोटें आईं और उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जो जिले में चर्चा का विषय भी बन गया है.  वीडियो में साफ दिख रहा है कि मौके पर खड़ी एक गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई थी जो मौके पर पकड़े गए रामलाल यादव की बताई जा रही है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पीली की शर्ट पहना व्यक्ति जिसे आबकारी अधिकारी ने पकड़ कर रखा है वह अपने आप को नगर पालिका अध्यक्ष बता रहा है.
मामला दर्ज
घटना के बाद धामनोद पुलिस ने रामलाल यादव की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. वहीं, आबकारी विभाग ने भी अवैध शराब रखने और सप्लाई करने के आरोप में धारा 34/2 के तहत प्रकरण दर्ज किया है. इस खुलेआम मारपीट की घटना ने न केवल स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है, बल्कि प्रशासन और कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.