धार।
 अपने 75 वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं. धार में होने वाली सभा को लेकर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखा जा रहा है. सभा के दौरान पीएम मोदी के स्वागत में कब लगाना है मोदी-मोदी का नारा, कितनी आवाज में लगाना है. ताली कैसे बजानी है, कितनी देर तक बजानी है, बीजेपी कार्यकर्ताओं को इसकी बाकायदा ट्रेनिंग दी गई. पार्टी के प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को ये ट्रेनिंग दी.इस स्पेशल ट्रेनिंग सेशन में बाकायदा बताया गया कि उद्घोषक के किस संदेश के बाद ताली के लिए हाथ उठाना है और कब से ताली बजाना शुरू करना है. प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओँ को नारे लगाने की भी रिहर्सल कराई.
ताली की आवाज कितनी तेज और कितनी देर तक हो
बता दें कि वैसे तो पीएम मोदी का हर दौरा मध्य प्रदेश मे बीजेपी के पूरे संगठन और सरकार के लिए खास होता है लेकिन जब मौका सालगिरह का हो तो बात खास हो जाती है. अपने जन्मदिन पर मध्यप्रदेश के धार जिले में पहुंचने वाले पीएम मोदी के स्वागत की तैयारियां किस स्तर पर बीजेपी में की गईं, धार में हुई बैठक इसका उदाहरण है. बैठक को प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह ने संबोधित किया. संबोधन के साथ ये भी बताया "पीएम मोदी की मौजूदगी में किस तरह से एक साथ ताली बजाकर स्वागत करना है. ताली की आवाज कितनी तेज होनी चाहिए और कितनी देर तक ताली बजनी चाहिए."
मंच पर पीएम मोदी के आने पर हो तालियों की गड़गड़ाट
ट्रेनिंग के दौरान बाकायदा ताली की प्रैक्टिस करवाई गई. इसके बाद ये भी बताया "संकेत क्या होगा, जिसके बाद ताली बजानी है." ट्रेनिंग में महेन्द्र सिंह बताते हैं "एंकर बोलेगा कि मोदी जी मंच पर आएंगे तो ताली कैसे बजाएंगे. इसके बाद बोले मजा नहीं आ रहा है. हाथ खोल के ताली बजाइए. कुछ लोग बजा रहे हैं. कुछ लोग नहीं बजा रहे हैं." फिर महेन्द् सिंह बताते हैं "ताली बजाना कब शुरू करना है. वह बताते हैं जैसे ही एंकर कहेगा कि मोदी जी अब मंच पर आने वाले हैं, वैसे ही आपको ताली बजाना शुरू कर देना है. तालियां रुकनी नहीं चाहिए.
भाषण शुरू होते ही लगाना है मोदी मोदी का नारा
धार के बदनावर में हुई बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह ट्रेनिंग में बताया "नारे कैसे लगाने हैं. नारे लगाने की विधि दो प्रकार की होती है. एक नारा दिल से निकलता है. वह नारा लगाना है. नारा लगाने की टाइमिग क्या होगी. मैं डायरेक्शन नही दूंगा. जरा आप लोग मोदी मोदी नारा लगाकर दिखाइए. जैसे ही भाषण शुरू होगा, उस समय मोदी मोदी का नारा लगाना है."