देवास में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, दंपति ने खुद को लगाई आग, पथराव के बीच जान बचाकर भागे अधिकारी
देवास।
मध्य प्रदेश के देवास में अतिक्रमण हटाने के दौरान भारी बवाल हो गया है। दोपहर में सतवास इलाके में टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान लोगों का गुस्सा भड़क उठा। एक दंपति ने मौके पर ही खुद को आग लगा ली। इसके बाद टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद कर्मी और अधिकारी वहां से जान बचाकर भागे हैं।
दंपति ने खुद को लगा ली आग
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान देखते ही देखते दंपति ने जमकर बहस की। फिर अचानक संतोष व्यास और उसकी पत्नी जयश्री व्यास ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पति-पत्नी बुरी तरह झुलस गए। मौके पर मौजूद लोग जैसे तैसे आग बुझाकर दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर रेफर कर दिया गया।
भीड़ हो गई उग्र
आग की घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ उग्र हो गई। लोगों ने नगर परिषद की जेसीबी मशीन पर पत्थर फेंके। स्थिति बिगड़ती देख प्रभारी तहसीलदार, नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके से भागना पड़ा। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने दोषियों पर FIR की मांग को लेकर सतवास थाने का घेराव कर चक्काजाम भी किया।
नाली पर बना लिया था मकान
गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 5 निवासी मोहनदास पिता रामदास बैरागी ने प्रभारी तहसीलदार को आवेदन देकर शिकायत की थी कि उनके पड़ोसी संतोष व्यास ने सार्वजनिक नाली पर अतिक्रमण कर मकान बना लिया है, जिससे नाली जाम हो गई और पानी की निकासी बाधित हो रही थी। शिकायत के बाद मंगलवार को तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण किया था, जहां विवाद की स्थिति बनी थी। इसके बाद बुधवार को प्रभारी तहसीलदार अरविंद दिवाकर नगर परिषद की संयुक्त टीम के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे और कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान संतोष व्यास और उसकी पत्नी द्वारा आत्मदाह का प्रयास किया गया।
अधिकारियों पर गिरी गाज
वहीं, घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सतवास के प्रभारी तहसीलदार अरविंद दिवाकर को तत्काल हटाकर हरिओम ठाकुर को सतवास का प्रभारी तहसीलदार बनाने के आदेश जारी कर दिए हैं। अभी इलाके में तनाव बरकरार है। स्थानीय लोग दोषी लोगों पर एफआईआर की मांग कर रहे हैं।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (26 फ़रवरी 2026)
छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा, सीएम साय का कांग्रेस पर हमला
रीवा के केमिकल-फ्री रंगों की देशभर में डिमांड, मंदिरों के फूलों से बन रहा होली का गुलाल
जबलपुर में 5 अफगानी घुसपैठिए 10 मार्च तक न्यायिक रिमांड पर, दमोह में बनवाए थे फर्जी पासपोर्ट
विधानसभा में गूंजा निराश्रित गौवंश का मुद्दा
बेटी की लव मैरिज से नाराज़ पिता बना ‘बुलडोजर बाबा’, JCB से दामाद का घर ढहाया