सुबह तड़के भूकंप के तेज झटकों से कांपी दिल्ली
एनसीआर में 4.0 तीव्रता का भूकंप
लोग बोले- लगा जैसे झटके से ट्रेन रुकी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में सोमवार की सुबह करीब 5:36 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4 मापी गई है। भूकंप का केंद्र नई दिल्ली था और इसकी गहराई पांच किलोमीटर बताई गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। भूकंप के तेज झटकों से दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। भूंकप को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट किया। उन्होंने लोगों से शांत रहने की अपील की। साथ ही कहा कि अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
हर 2-3 साल में आते हैं छोटे झटके
एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि इसका केंद्र धौलाकुंआ स्थित दुर्गाबाई देशमुख कॉलेज ऑफ स्पेशल एजुकेशन के पास था। अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में हर दो से तीन साल में हल्के झटके महसूस किए जाते हैं। इससे पहले 2015 में यहां 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। भूकंप के साथ एक तेज आवाज भी सुनाई दी, जिससे कई लोग डर गए। दिल्ली पुलिस ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि दिल्ली, हम उम्मीद करते हैं कि आप सभी सुरक्षित हैं। किसी भी आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें।
लोग बोले- ऐसा लगा जैसे ट्रेन झटके से रुकी
पश्चिमी दिल्ली के निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने पहली बार इतना तेज भूकंप महसूस किया। गाजियाबाद की एक ऊंची इमारत में रहने वाले व्यक्ति ने कहा कि झटके इतने तेज थे कि घबराहट में सभी लोग नीचे भाग आए। नोएडा सेक्टर 20 की ई ब्लॉक में सुबह टहल रही एक महिला ने कहा, हम लोग पार्क में वॉक कर रहे थे, इसलिए ज्यादा महसूस नहीं हुआ। लेकिन यह काफी तेज था, लोग तुरंत बाहर आ गए। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे रतनलाल शर्मा ने कहा कि ऐसा लगा जैसे कोई ट्रेन अचानक झटके से रुक गई हो।

अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी उड़ानें शुरू
पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस
अल्ट्रासाउंड जांच में महिला के गर्भ में दो बच्चों की पुष्टि हुई थी