गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला दतिया: मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा पार्षद को हमलावरों ने गोलियों से भूना
दतिया।
जिले के सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह की शांत फिजा अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी और चौराहे पर मौजूद लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कल्लू कुशवाहा रोज की तरह सुबह टहलने के लिए सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावर अचानक सामने आए और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और गोली लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए और क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में इस हत्या के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि मृतक कल्लू कुशवाहा वार्ड नंबर एक से भाजपा पार्षद थे और क्षेत्र में उनकी सक्रिय राजनीतिक पहचान थी। हालांकि उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। जानकारी के मुताबिक उन पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। हत्या के एक मामले में उन्हें आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी थी और करीब चार महीने पहले ही वे जमानत पर जेल से बाहर आए थे। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद आम लोगों में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, वहीं घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल सेवढ़ा चुंगी चौराहा पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

15 मिनट की नींद से मिलेगा फ्रेशनेस, ज्यादा सोना पड़ सकता है भारी
बार-बार ठंड और तेज बुखार—मलेरिया के संकेत हो सकते हैं ये लक्षण
होटल कांड में बड़ा खुलासा: शाहीन अफरीदी पर 10 लाख PKR का जुर्माना
अस्पताल में गंदगी देख भड़के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, खुद सफाई में जुटे
क्यों रोने लगे रवींद्र जडेजा? चेन्नई के खिलाफ मैच का वीडियो वायरल