दतिया। 
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा में उम्मीदवार चयन को लेकर चर्चा जारी है। इस बीच वरिष्ठ भाजपा नेता और अधिवक्ता अशोक सिजरिया ने कहा है कि पार्टी जो भी फैसला करेगी, वह उसका पूरा सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि वह डॉ. नरोत्तम मिश्रा के विकास कार्यों के साथ हैं। मीडिया से बातचीत में अशोक सिजरिया ने कहा, "मेरा नाम कैसे चर्चा में आया, यह मैं नहीं बता सकता। पार्टी की क्या नीति है, इस पर भी मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। पार्टी जो निर्णय करेगी, हम उसका स्वागत करेंगे।" उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन की ओर से उनसे बायोडाटा मांगा गया था। इस पर उन्होंने संगठन में अब तक निभाए गए सभी दायित्वों की जानकारी उपलब्ध करा दी है।
1984 में बीजेपी से जुड़े थे
अशोक सिजरिया लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। वर्ष 1984 में वह युवा नगर अध्यक्ष बने। वर्ष 1988 में युवा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद वर्ष 2003 में जिला कोषाध्यक्ष और वर्ष 2010 में नगर अध्यक्ष रहे। बाद के वर्षों में उन्होंने सक्रिय राजनीति से कुछ दूरी बनाकर वकालत के क्षेत्र में काम शुरू किया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने अभी अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में पार्टी के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।