दतिया। 
दतिया जिले के भांडेर नगर में आयोजित 121वें श्रीरामलीला मेले का समापन समारोह विवादों में आ गया है। भगवान राम की लीलाओं के लिए बने मंच पर बार बालाओं के नृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई। धार्मिक आस्था और मर्यादा से जुड़े इस मंच पर हुए कार्यक्रम को लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
पारंपरिक कार्यक्रम के बाद बदला मंच का स्वरूप
रविवार शाम मेला ग्राउंड में समापन समारोह की शुरुआत परंपरागत तरीके से माता सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और समाजसेवियों का सम्मान किया गया। आरोप है कि सम्मान समारोह के तुरंत बाद उसी मंच पर बार बालाओं को बुलाकर फिल्मी गानों पर डांस कराया गया, जिससे कार्यक्रम का स्वरूप पूरी तरह बदल गया।
नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि की मौजूदगी से उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामलीला जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक मंच पर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करना आस्था के साथ खिलवाड़ है। कार्यक्रम नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि रामजीवन राय की मौजूदगी में हुआ, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है। नागरिकों का कहना है कि यदि मनोरंजन कार्यक्रम कराना था तो उसके लिए अलग मंच बनाया जा सकता था, लेकिन रामलीला मंच का उपयोग करना अनुचित है।
सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना
वीडियो वायरल होने के बाद नगर परिषद की कार्यशैली की तीखी आलोचना हो रही है। कई सामाजिक संगठनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों को भीड़ जुटाने और सस्ती लोकप्रियता का साधन नहीं बनाया जाना चाहिए। फिलहाल नगर परिषद की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।