ड्यूटी के दौरान SDOP आकांक्षा जैन ने दिखाई मानवता, आरोपी के तीन माह के बच्चे को रोता देख पिलाने लगीं दूध
दतिया।
जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रही संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक बेहद मार्मिक दृश्य सामने आया। कार्रवाई के दौरान एक दंपती अपने 3 माह के मासूम बच्चे को छत पर रोता छोड़कर फरार हो गया। कड़ाके की ठंड में रोते बच्चे को देख मौके पर मौजूद महिला SDOP आकांक्षा जैन ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चे को गोद में उठाया और तत्काल दूध मंगवाकर पिलाया।
छापेमारी करने पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, दतिया पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सूचना मिलने पर टीम ने फुलरा कंजर डेरा क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही कई लोग अपने घर छोड़कर भाग गए, जबकि कुछ स्थानों पर केवल बच्चे ही मौजूद थे।
ठंड में रोता मिला मासूम
दबिश के दौरान SDOP आकांक्षा जैन को छत पर लगभग 3 माह का बच्चा ठंड में रोता हुआ मिला। उन्होंने तत्काल बच्चे को अपनी गोद में लिया, दूध मंगवाकर पिलाया और ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़ों की व्यवस्था कराई। बाद में बच्चे को उसकी बड़ी बहन के सुपुर्द कर आवश्यक समझाइश भी दी गई।
हजारों लीटर कच्ची शराब और गुड़ लहान नष्ट
कार्रवाई के दौरान टीम को जमीन में गहराई तक दबाकर रखी गई भारी मात्रा में सामग्री मिली। ड्रमों में करीब 9000 किलो गुड़ लहान पाया गया। जमीन में दबे होने के कारण मदिरा और गुड़ लहान को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका, इसलिए सैंपल लेने के बाद मौके पर ही नष्ट किया गया। पुलिस और आबकारी विभाग ने कुल 5400 बल्क लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा, लगभग 19 हजार किलो गुड़ लहान, 72 ड्रम एवं दो मदिरा निर्माण मशीनें नष्ट कीं। जब्त और नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 30.81 लाख रुपए बताई जा रही है।
दो केस दर्ज, बड़ी पुलिस फोर्स तैनात
इस मामले में मध्य प्रदेश आबकारी एक्ट के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। संयुक्त कार्रवाई में आबकारी एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
संवेदनशीलता की सराहना
SDOP आकांक्षा जैन ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज के कमजोर और असहाय वर्ग के प्रति संवेदनशीलता भी पुलिस की जिम्मेदारी है। उनके इस मानवीय कदम की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

रंगभरी एकादशी कब है, इस दिन बन रहा है चार शुभ संयोग, क्यों है खास
राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (20 फ़रवरी 2026)
पिंकी मुद्रा लोन से बनी आत्मनिर्भर : स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा
गिधवा टैंक में प्रवासी मल्लार्ड का आगमन, बढ़ी क्षेत्र की पहचान