खरगे के विवादित बोल 'संघ और भाजपा जहर जैसे...'
नई दिल्ली।
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में कांग्रेस शुक्रवार को ओबीसी नेतृत्व भागीदारी न्याय सम्मेलन का आयोजन कर रही है। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी पिछड़ों और दलितों के लिए लड़ते हैं। अगर लोकसभा चुनाव में 30 सीटें और आतीं तो हम सत्ता में होते।
जो कांग्रेस ने देश को दिया, उसे कोई खत्म नहीं कर सकता'
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि 'वे झूठों के सरदार हैं। झूठ बोलने का ही उनका काम है। दो करोड़ नौकरी देंगे, झूठ बोले। काला धन देश में लाकर पैसे दूंगा, वो भी झूठ बोले। एमएसपी को लेकर झूठ बोले। ओबीसी वर्ग की आय बढ़ाने को लेकर भी झूठ बोले। हर चीज पीएम मोदी झूठ बोलते हैं। अपने जीवन में खासकर संसद में वो झूठ बोलते हैं। आप लोगों को समझना चाहिए, ये देश को गुमराह कर रहे हैं।' खरगे ने अपने संबोधन में कहा कि 'जो प्रधानमंत्री झूठ बोलते हैं, वो देश का कभी भला नहीं कर सकते। आरएसएस और भाजपा जहर जैसे हैं, अगर आप इस जहर को चख लेते हैं तो आपका सफाया तय है। हमें एकजुट होकर लड़ना पड़ेगा। ये लोग आपको बांटने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आपको एकजुट होना पड़ेगा। इस देश को कांग्रेस ने जो दिया है, उससे कोई इनकार नहीं कर सकता।' खरगे ने कहा कि 'ओबीसी की जाति जनगणना होनी चाहिए, ये कहने की हिम्मत सिर्फ राहुल गांधी ने दिखाई। इसलिए हम सभी को राहुल गांधी का साथ देना है। राहुल गांधी पिछड़ों-वंचितों का साथ देते हैं, उनका समर्थन करते हैं, उनके हक के लिए लड़तें हैं। ऐसे में आपको उनका साथ देना ही चाहिए।'