कांग्रेस ने हमेशा हिंदू जनमानस की भावनाओं पर किया कुठाराघात-मोहन यादव
बलरामपुर। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने यूपी पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हिंदू जनमानस की भावनाओं पर कुठाराघात करने का काम किया है। आजादी के बाद भी राम मंदिर बनने में 75 साल लग गए। यही कारण है कि हमारे यहां पाठ्यक्रमों से राम और कृष्ण जैसे आदर्श को हटा दिया गया था। प्रधानमंत्री ने नई शिक्षा नीति लागू कर राम कृष्ण को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने का काम किया है। देश से अंग्रेज तो चले गए लेकिन अपने प्रतिनिधि के रूप में कांग्रेस को छोड़ गए।
कांग्रेस पर जमकर हमला बोला
मध्य प्रदेश के सीएम डा. मोहन यादव शुक्रवार को गैसड़ी विधानसभा के लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज पचपेड़वा के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अपने भाषण की शुरुआत सीएम मोहन यादव ने कृष्ण और सुदामा की मित्रता के प्रसंग से की। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कि भगवान राम को अपने मंदिर में मुस्कराने के लिए 75 साल इंतजार करने पड़ा। आजादी के बाद अगर कांग्रेस चाहती तो अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण बहुत पहले हो जाता, लेकिन तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इसका हल नहीं निकल सका था। सीएम बोले कि अंग्रेज देश को छोड़कर चले गए लेकिन कांग्रेस के रूप में वह अपने प्रतिनिधि यहां छोड़ गए। कांग्रेस ने इस देश को तबाह करने में कोई कसर नहीं लगाई। सपा के नेता भी उत्तर प्रदेश में तुष्टिकरण की राजनीति करते रहे ।उनके शासनकाल में जातिवाद व गुंडाराज चरम पर था। सत्ता के लालच में ही सपा ने कांग्रेस से गठबंधन किया है। पीएम मोदी ने नई शिक्षा नीति लाकर लार्ड मैकाले की शिक्षा को खत्म किया।
राम कृष्ण की जगह पर आताताइयों को जगह दी

उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में राम कृष्ण की जगह पर आताताइयों को जगह दी गई। आज खुशी की बात यह है कि हमारे आदर्श भगवान राम और कृष्ण पाठ्यक्रम के हिस्सा बने हैं। कहा कि आज देश में दंगे नहीं हो रहे हैं। कहीं कर्फ्यू नहीं लगता है। सरकार चलाना प्रधानमंत्री मोदी बाखूबी जानते हैं। डा. यादव ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार से देश खोखला हो चुका था। अर्थ व्यवस्था चरमरा गई थी। मोदी सरकार में न सिर्फ देश ने अर्थ व्यवस्था की नई ऊंचाइयों को हासिल किया, बल्कि हर वर्ग के लोगों में खुशहाली आई है। सीएम ने कहा कि कोविड टीकाकरण को लेकर कांग्रेस अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। अगर यह टीका न लगा होता तो देश में भारी तबाही होती। कोरोना संक्रमण काल में सरकार ने जिस हिम्मत और जज्बे के साथ काम किया उसकी सराहना विश्व पटल पर हो रही है। उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी साकेत मिश्र व गैसड़ी विधानसभा उप चुनाव के प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह शैलू को जिताने की अपील की।

“दुर्घटना नहीं, लापरवाही”: बस हादसे पर पटवारी का हमला, सीएम Mohan Yadav पर निशाना
इंदौर इंजीनियर मौत केस: पेंटहाउस में विदेशी महिलाओं और संदिग्ध गतिविधियों का खुलासा