सीएम की सादगी: पचमढी के रास्ते में काफिला रुकवाया

-
आम खरीदे और बच्चों को खिलाए, पढ़ाई करने को कहा
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सपत्नीक नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी प्रवास के दौरान बारिआम गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क किनारे आम बेच रही महिलाओं से बातचीत की और उनसे आम खरीदे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सपत्नीक नर्मदापुरम जिले में स्थित पचमढ़ी प्रवास पर पहुंचे। पचमढ़ी से लौटते वक्त मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बारिआम गांव में सड़क किनारे टोकरी में रखकर आम बेच रहीं महिलाओं और बच्चों को देखकर अपना काफिला रूकवाया। मुख्यमंत्री ने आम बेच रहीं सभी महिलाओं से आत्मीय संवाद किया। पूछा-रोज कितने के आम बेच लेती हो? मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आम विक्रेता बसंती टेकाम की खुशी का ठिकाना न रहा, उसने बताया कि सर, रोज सुबह से शाम यहां बैठते हैं, तो 400 से 500 रुपये के आम बिक ही जाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पास ही खड़ी बसंती की बेटी को देखकर पूछा- क्या ये बिटिया स्कूल जाती है? महिला ने कहा कि हां सर, सीएम राइज स्कूल में पढ़ती है। मुख्यमंत्री ने हर्ष जताकर कहा कि अरे बिटिया, अब उसका नाम सांदीपनि विद्यालय हो गया है। मुख्यमंत्री ने यहां आम बेच रहीं सभी महिलाओं से आम खरीदे और खुद भुगतान भी किया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव और उनकी धर्मपत्नी सीमा यादव ने महिलाओं से खरीदे हुए आम वहां एकत्रित सभी नन्हे-मुन्ने बच्चों में बांट दिए। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों से भी बाल सुलभ संवाद किया और पूछा क्या नाम है, स्कूल जाते हो? तो बच्चों में से उमेश, साक्षी और रिया ने कहा जी सर। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन सभी बच्चों को रोज स्कूल जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने की बात कही।